दुर्ग
जनपद सीईओ के खिलाफ कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जुलाई। पंद्रहवें वित्त आयोग की राशि को दुर्ग जनपद के 24 में से 13 सदस्यों के बीच आबंटन के विरोध में वंचित 11 जनपद सदस्यों ने जनपद कार्यालय धरना-प्रदर्शन किया।
मामले में जनपद व जिला पंचायत सीईओ, कलेक्टर, संभागायुक्त, राज्य तथा केन्द्र सरकार को पत्र लिखने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने से इन सदस्यों में रोष व्याप्त है। वहीं धरना प्रदर्शन के दौरान जनपद सीईओ के व्यवहार को लेकर आंदोलन कर रहे सदस्यों आक्रोश व्यक्त किया है। उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी ने कहा कि जनपद पंचायत दुर्ग के 11 जनपद सदस्यों द्वारा 15वें वित्त आयोग की राशि में भेदभाव पूर्ण आबंटन किया गया है। जिसको भाजपा समर्थित जनपद सदस्यों द्वारा बहुमत के आधार पर आबंटन किया गया। साथ इसके प्रतिपालन में जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा राशि आबंटित कर दी गई है। जिसमें 15वें वित्त वर्ष 2024-25 की राशि 72.00 लाख व 15 वें वित्त वर्ष 2025-26 की राशि कि 1 करोड़ 55 लाख रुपये का आबंटन होना है। इसका प्रस्ताव एवं कार्ययोजना 13 जनपद सदस्यों द्वारा कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बैठक में उपस्थित दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर व अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा को भी जनपद सदस्यों द्वारा बैठक में निवेदन किया गया। जिसको अस्वीकार करते हुए उनके द्वारा भाजपा समर्थित जनपद सदस्यों को समर्थन व संरक्षण दिया गया। 15वें वित्त की राशि के आबंटन के विरोध में 11 जनपद सदस्यों द्वारा जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, कलेक्टर दुर्ग, संभाग आयुक्त दुर्ग को आवेदन दिया गया था। पत्र के माध्यम से छग सरकार व केन्द्र सरकार को भी अवगत कराया गया है। जिस पर किसी भी प्रकार की कार्यवाही अभी तक नहीं की गई। जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया। श्री हिरवानी ने चेतावनी दिया कि आगामी समय में मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान जनपद सदस्य, राजेन्द्र ठाकुर, किशोरी लाल देशमुख, संतोषी कृष्णा देशमुख, दामिनी मुकेश साहू, प्यारी बाई निषाद, मिलंतीन ठाकुर, लीलावती रूपेश देशमुख, ढालेश साहू, नन्दू साहू, झमित गायकवाड़ आदि मौजूद थे।
वहीं धरने पर बैठे जनपद सदस्यों ने जनपद सीईओ के खिलाफ कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई करने मांग की है। सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने बताया है कि जनपद पंचायत दुर्ग के सदस्यों द्वारा 15वें वित्त राशि आबंटन के विरोध में आज जनपद परिसर में धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। धरना प्रदर्शन के दरमियान मुख्य कार्यपालन अधिकारी रूपेश पाण्डेय ने प्रदर्शन स्थल पर आकर सदस्यों बीच यह कहा कि 5 वर्ष इसी तरह भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वे मुख्य कार्यपालन अधिकारी के इस वक्तव्य का विरोध करते हैं। उन्होंने मांग की है कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी के इस कथन के आधार पर जांच करवा कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।


