दुर्ग

उज्जर कुम्हारी, सुग्घर कुम्हारी ही हमारा लक्ष्य- मीना वर्मा
04-Aug-2025 4:50 PM
उज्जर कुम्हारी, सुग्घर कुम्हारी ही हमारा लक्ष्य- मीना वर्मा

समस्त स्वच्छता मित्रों, दीदीयों व भाइयों का सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 4 अगस्त।
विगत दिनों कुम्हारी नगरपालिका को स्चच्छता सर्वेक्षण 2024 के तहत देश का सबसे  स्वच्छ निकाय के अंतर्गत तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। जिसके लिए महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के हाथों विज्ञान भवन नई दिल्ली में यह सम्मान प्रदान किया गया।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्री अरुण साव के साथ कुम्हारी पालिकाध्यक्ष मीना वर्मा एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी नेतराम चन्द्राकर ने यह सम्मान ग्रहण किया इसी के तहत स्थानीय नगरपालिका द्वारा सामुदायिक भवन में कर्मचारियों, अधिकारियों, स्वच्छता मित्रों एवं दीदीयों के सम्मान में 30 जुलाई बुधवार को एक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन को संबोधित करते हुए पार्षद लोकेश साहू ने इस सम्मान को समस्त नगरवासियों का सम्मान में उन्होंने कहा कि हमारे स्वच्छता कर्मचारियों और समस्त नगरवासियों के सहयोग का ही प्रतिफल है कि हमारे निकाय को यह सम्मान प्राप्त हुआ नगर की स्वच्छता के लिए सभी के सहयोग से अभी बहुत काम करना है अभी तो शुरुआत है।

पार्षद हरिदास वैष्णव ने इस सम्मान के लिए समस्त नगरवासियों का धन्यवाद दिया और भविष्य में सहयोग की उम्मीद जताई। पार्षद अनुराग गुप्ता ने कहा कि सभी को संतुष्ट करना संभव नहीं होता हमे अपनी कमियों को दूर करते हुए नगर के लिए सतत कार्य करना है। पार्षद अश्वनी देशलहरे ने नगर की स्वच्छता में आमलोगों की भागीदारी और सहयोग की अपेक्षा पर जोर देते हुए इसे और भी बेहतर करने की बात कही। पालिकाध्यक्ष मीना वर्मा ने समस्त स्वच्छता मित्रों, भाइयों दीदीयों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान आप सबका है।

 

अपने कार्यकाल के प्रारम्भ के कुछ ही महीनों में देश की महामहिम राष्ट्रपति के हाथों सम्मान पाना मेरे लिए गर्व की बात है और यह आप सभी की वजह से सम्भव हो पाया है। यह सम्मान हमारे लिए भविष्य की जिम्मेदारियों को और बढ़ाता है। हमे और भी बेहतर से बेहतर कार्य करने की जरूरत है। मुझे पता है कि कोई भी कार्य कभी भी संम्पूर्ण नही होता बल्कि आगे और बेहतर करने की नसीहत देता है। मैं ऐसा नही कहती कि नगर में सब अच्छा है, कुछ कमियां भी होंगी जिन्हें आप सबकी मदद से सुधारने का प्रयास किया जाएगा। अभी कुछ माह की हुए हैं मैंने पालिका की बागडोर सम्हाली है आप सब नगरवासियों के सहयोग से हम  नगर को साफ और स्वच्छ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

हमारा ध्येय है उज्जर कुम्हारी, सुग्घर कुम्हारी धीरे-धीरे तमाम कमियों को दूर कर हम अपने उद्देश्य को पूरा कर देश मे प्रथम स्थान प्राप्त करने की दिशा में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सबकुछ व्यवस्थित करने में थोड़ा वक्त तो लगता है। बस आप सबका सहयोग हमे मिलता रहे तो अवश्य हम अपने उद्देश्य में कामयाब होंगे। पालिकाध्यक्ष ने सभी स्वच्छता दीदी और भाइयों के पैर धोकर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम को पार्षद, उमाकांत साहू, डिकेश पटेल, प्रवीण राव, ओंकार प्रसाद मार्कण्डेय, उमेश्वरी साहू, हेमलता साहू एवं  फिंगेश्वर साहू  ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी नेतराम चन्द्राकर, गौरव केसरवानी एवं पंकज वर्मा सहित अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अनुराग गुप्ता ने किया। गौरव केसरवानी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट