दुर्ग

अब तक दुर्ग में 32 नमूनों के 871 टन बीज अमानक
04-Aug-2025 3:11 PM
अब तक दुर्ग में 32 नमूनों  के 871 टन बीज अमानक

दुर्ग,4 अगस्त। जिले में बीज के 19 और नमूने गुणवत्ता जांच में फेल हो गए। अब तक जिले में बीज 469 लेकर जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 462 नमूनों की प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आ चुकी है। प्राप्त जांच रिपार्ट के अनुसार उक्त नमूनों में 32 अमानक पाए गए। इन नमूनों के लाट में कुल 871.67 टन अमानक बीज शामिल है। जानकारी के अनुसार जिले में जारी खरीफ में विभिन्न प्रकार क्षेत्र की दुकानों से 177 मिलाकर इसके विरुद्ध  कुल 469 नमूने लिए जा चुके हैं जो लक्ष्य से 27 अधिक है। इनमें प्राप्त परिणाम के अनुसार निजी क्षेत्र की दुकानो के 177 में से 15 एवं सहकारी क्षेत्र के 285 नमूनों में से 17 अमानक पाए गए हैं। अभी 7 नमूनों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। अमानक पाए गए बीज में सबसे ज्यादा धान के 30 नमूने हैं। इनमें कुल 856.07 टन धान बीज है। इसी प्रकार 15.6 टन सोयाबीन बीज के 2 नमूने शामिल है। जिला पंचायत सदस्य दानेश्वर साहू ने बताया कि उन्होंने निजी कंपनी के सोयाबीन अपने खेत में बोए थे। इसमें मात्र 40 प्रतिशत में अंकुरण आया।

 

अमानक पाए गए बीज के नमूने बीज निगम, सेवा सहकारी समिति रौंदा, सेवा सहकारी समिति बरहापुर, सेवा सहकारी समिति मेड़ेसरा, सेवा मर्यादित धमधा, सेवा सहकारी समिति औंधी, सेवा सहकारी समिति एण्ड ट्रेडर्स धमधा, मधुबन ट्रेडर्स बीज भण्डार मठपारा दुर्ग, ग्रीन फील्ड गंजपारा दुर्ग, ओम कृषि केन्द्र अंजोरा ख, पटेल कृषि केन्द्र रानीतराई, पटेल कृषि केन्द्र एवं बीज भण्डार पाटन, सेवा सहकारी समिति बोरिद, किसान सेवा केन्द्र धमधा, सुशील कृषि केन्द्र धमधा, तिवारी कृषि केन्द्र धमधा, सेवा सहकारी समिति नगपुरा, सेवा सहकारी समिति रसमड़ा, कृषि सेवा केन्द्र पाटन एवं सेवा सहकारी समिति नवांगाव से लिए गए थे।

 उपसंचालक कृषि संदीप कुमार भोई का कहना है कि अमानक पाए बीज के निर्माता कंपनी एवं विक्रेता को नोटिस जारी किया गया है। वहीं अमानक पाए गए बीज के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।

 


अन्य पोस्ट