दुर्ग

रायपुर-जबलपुर नई ट्रेन को विधायक गजेन्द्र यादव ने दिखाई हरी झंडी
04-Aug-2025 3:03 PM
रायपुर-जबलपुर नई ट्रेन को विधायक गजेन्द्र यादव ने दिखाई हरी झंडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 4 अगस्त। दुर्ग रेलवे स्टेशन से रायपुर-जबलपुर के बीच चलने वाली नई ट्रेन को रविवार को शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किए और कहा कि यह ट्रेन प्रदेशवासियों के लिए एक नई सौगात है, जिससे दुर्ग, भिलाई, रायपुर सहित मध्यप्रदेश के जबलपुर तक की यात्रा और सुगम हो सकेगी। विधायक गजेन्द्र यादव ने बताया कि यह ट्रेन सेवा निश्चित ही क्षेत्रीय यात्रियों को लाभान्वित करेगी और क्षेत्रीय विकास में सहायक सिद्ध होगी। इस नई ट्रेन सेवा के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेलमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किए।

 

रेलवे के अधिकारी ने बताया कि यह नई ट्रेन डोंगरगढ़ होते हुए जबलपुर जाएगी। यह रेल सेवा विशेष रूप से व्यापारियों, छात्रों, पर्यटकों और दैनिक यात्रियों के लिए फायदेमंद होगी। उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से यात्रियों के लिए नंदनवन प्राणी उद्यान, मां बम्लेश्वरी मंदिर, कान्हा राष्ट्रीय उद्यान, भेड़ाघाट और धुआंधार जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।

इस अवसर पर रेलवे के एडीआरएम हिमांशु अग्रवाल, पार्षद मनोज सोनी, लीलाधर पाल, कांशीराम कोसरे, संजय अग्रवाल, अतुल पहाड़े, मंडल अध्यक्ष बंटी चौहान, महेश देवांगन सहित रेलवे के अधिकारीगण, कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट