दुर्ग
दुर्ग, 1 अगस्त। प्रथम तिमाही में खनिज महकमा ने जिले में 26 करोड़ 14 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त किया है जो कि गत वर्ष प्रथम तिमाही में अर्जित राजस्व की तुलना में 7 करोड़ 1 लाख रुपए अधिक है। वर्ष 2024 में मात्र 19.13 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई थी। जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में खनिज महकमा ने जिल में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के कुल 76 प्रकरण दर्ज किए गए। इससे अर्थदंड के रूप में कुल 29 लाख 83 हजार 507 रुपए प्राप्त हुए अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर नियंत्रण के लिए विभाग की टीम द्वारा लगातार दबिश देकर जांच की जा रही है।
जारी वित्तीय वर्ष के प्रथम तिमाही में विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर की गई कार्रवाई के दौरान अवैध खनिज परिवहन के कुल 61 प्रकरण दर्ज किए गए। इससे अर्थदंड के रूप में 18 लाख 12 हजार 624 रुपए वसूल किए गए। पकड़े गए वाहनों में से 30 रेत,13 चूना पत्थर, 10 मिट्टी ईंट, 7 मुरूम एवं 1 में बिना रायल्टी पर्ची के कोयला का अवैध परिवहन करना पाया गया। इसी प्रकार अवैध खनिज उत्खनन के 12 प्रकरण दर्ज कर संबंधितों से 8 लाख 66 हजार 333 रुपए का अर्थदंड वसूल किया गया। वहीं अवैध खनिज भंडारण के 3 मामले दर्ज हुए इनमें 1 में चूना पत्थर एवं 2 जगहों पर रेत का अवैध भंडारण करना पाया गया। इनसे मामले में 3 लाख 4 हजार 550 रुपए का जुर्माना राशि वसूल किया गया।


