दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 31 जुलाई। नगर पालिक निगम भिलाई आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक बुलाई गई। जिसमें प्रमुख रूप से खुर्सीपार स्टेडियम, रामनगर मुक्तिधाम, अवैध प्लाटिंग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, शहर विकास, योजना, गोकुल नगर, सी-मार्ट एवं मदर्स मार्केट, सूर्यघर योजना सहित विभिन्न विषयों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
नगर निगम भिलाई क्षेत्र में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम निर्माण कार्य को वर्षाऋतु में ही पूर्ण कराने के साथ ही जियो टैगिंग फोटोग्राफ्स संलग्न करने हेतु निर्देशित किया गया है। स्थानीय पार्षदों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से चर्चा कर वर्षवार प्राथमिकता आधारित शहर विकास योजना (सीडीपी) तैयार किया जा रहा है। आगामी विकास कार्य हेतु शासन को भेजे जाने वाले प्रस्ताव सीटी डेवलपमेंट प्लान में शामिल कार्य होगे। निकाय क्षेत्रांतर्गत अनुपयोगी विद्युत कनेक्शन जांच कर तत्काल विच्छेद किये जाने का कार्यवाही करना है। निगम क्षेत्र के अवैध प्लाटों का क्रय/विक्रय न हो इसके लिए जनजागरूकता लाने वेबसाईट में अपलोड करना है, जिससे शहर वासियों को वैध कॉलोनियों की जानकारी प्राप्त हो सके। शासन की गाइडलाईन अनुसार वर्तमान में 5 डिसमिल से कम जमीन बिक्री करने पर शासन द्वारा प्रतिबंध लगाया गया है। जिसका ध्यान रखते हुए आगामी कार्यवाही की जावेगी।
गौ सेवा अंतर्गत हरे एवं सुखे चारे का दान के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अपील किया गया है। जिससे कोसा नगर गौठान में पशुओं के खान-पान व्यवस्था में और सुधार लाया जा सके। निगम द्वारा जिन वाहनों को किराए पर दिया जाता है, उसका दर कम है, उसका किराया वर्तमान दर के अनुरूप निर्धारण किया जाए, जिससे व्यवस्था में सुधार हो और राजस्व वृद्वि हो सके। साथ ही सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाने की आवश्यकता के बारे में निर्देशित किए है।
गोकुल नगर के पशुपालकों को जो जमीन आबंटन हुआ है और बिक्री कर दिए है ऐसे आबंटितों का आबंटन निस्तरीकरण की कार्यवाही की जाए। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ ज्यादा लोगों को मिले इसके लिए जनजागरूकता हेतु प्रचार-प्रसार कर लाभार्थियों की संख्या बढ़ाना है।
साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का सहयोग लेना है। संदिग्ध राशन कार्ड का सत्यापन कर कार्यवाही किया जाना है। कलेक्टर टी.एल., जनदर्शन, जनशिकायत, पीएमओ, आयुक्त टी.एल. का समय सीमा में निराकरण करना होगा। 18 अगस्त को मुख्यमंत्री का आगमन भिलाई में होगा, जिसमें विभिन्न भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्य होना प्रस्तावित है। मंत्री के आने से पूर्व सभी तैयारी पूर्ण करना होगा।


