दुर्ग

सीएम ने जहां किया था निरीक्षण, वहां शिविर लगाकर लोगों को दी जानकारी
31-Jul-2025 4:57 PM
सीएम ने जहां किया था निरीक्षण, वहां शिविर लगाकर लोगों को दी जानकारी

शिविर में 116 नए आवेदन प्राप्त, 40 का निराकरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 जुलाई।
सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत धमधा विकासखण्ड जिस मुरमुंदा ग्राम में मुख्यमंत्री उतरे थे वहां आज विशेष शिविर का आयोजन किया गया इसमें ग्रामीणों को प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई। वहीं आयोजित शिविर में 116 नए आवेदन प्राप्त इनमें 40 का  निराकरण हुआ। कलेक्टर के निर्देश पर शासकीय प्राथमिक शाला में इस विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस शिविर के माध्यम से पूर्व में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई। साथ ही नए आवेदन भी प्राप्त हुए। आज प्राप्त 76 आवेदन लंबित हैं।

गौरतलब इसके पूर्व 20 मई 2025 को आयोजित सुशासन तिहार में कुल 2630 आवेदन प्राप्त हुए थे, जो विभिन्न विभागों से संबंधित थे। इनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को सर्वाधिक 1964 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग 140, ऊर्जा विभाग  83, महिला एवं बाल विकास विभाग 123, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग 136, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग 45, परिवहन विभाग 27, श्रम विभाग 35, स्कूल शिक्षा विभाग 23, कृषि विभाग 7 एवं जल संसाधन विभाग को 8 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित प्राप्त आवेदनों की जानकारी देते हुए उनके शत-प्रतिशत निराकरण के बारे में बताया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम की स्वच्छता व्यवस्था में उत्कृष्ट योगदान देने वाली स्वच्छताग्राही दीदियों को स्वच्छता कीट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, अपर कलेक्टर विरेन्द्र सिंह, जिला पंचायत सीईओ  बजरंग दुबे, जनपद पंचायत अध्यक्ष लिमन साहू, ग्राम सरपंच पुष्पा परमानंद साहू, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, जनपद सदस्य हेमा साहू एवं ज्योति, सरपंच संघ अध्यक्ष दामिनी साहू, धमधा जनपद के विभिन्न ग्रामों के सरपंचगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट