दुर्ग

मोंगरा जलाशय से फिर छोड़ा गया 14 हजार क्यूसेक पानी
30-Jul-2025 6:05 PM
मोंगरा जलाशय से फिर छोड़ा गया 14 हजार क्यूसेक पानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 जुलाई।
जिले में सामान्य की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है। आज भी 11.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। वहीं दिन भर हो रही बारिश के बाद आज शाम को मोंगरा जलाशय से शिवनाथ नदी में फिर 14 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
जानकारी के अनुसार जिले में अब तक कुल 495.1 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है जबकि आज की तिथि का सामान्य औसत वर्षा 402.1 मिमी है। अब तक सर्वाधिक 605.1 मिमी पाटन तहसील में हुई है। वहीं सबसे कम 390.7 मिमी. तहसील धमधा में दर्ज की गई है। इसके अलावा बोरी में 461.6, अहिवारा  599.6, दुर्ग 490.4 एवं भिलाई-3 में 422.6 मिमी वर्षा हुई है। आज दुर्ग 17.8, धमधा 3.4, पाटन  8.4, बोरी 16.0, अहिवारा 15.2 एवं भिलाई 3 में 7.4 मिमी वर्षा हुई।

मोंगरा जलाशय से शिवनाथ में छोड़े जा रहे पानी की मात्रा बढ़ाने से फिर इसके जलस्तर में वृद्धि की संभावना है। छोड़े जा रहे पानी का बहाव बुधवार सुबह तक जिले के सीमा में पहुंचने की संभावना है। वर्तमान में शिवनाथ नदी में स्थित महमरा एनीकट के 3 फीट ऊपर से पानी का बहाव हो रहा है। दिनभर आसमान में घने काले बादल छाए रहे। वहीं रिमझिम फुहार पड़ती रही। इससे जिले में तापमान में भारी गिरावट आने से वातावरण में ठंड एहसास हो रहा था। पूरे प्रदेश में दुर्ग का न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा। यहां आज का न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 6.3 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, यह भी सामान्य से 5.1 डिग्री कम है।


अन्य पोस्ट