दुर्ग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 जुलाई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र की गिरफ्तारी और कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाने के खिलाफ छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश भर के सभी जिला मुख्यालयों में भाजपा का पुतला दहन और धरना प्रदर्शन किया गया। इसी क्रम में दुर्ग में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ आवाज बुलंद की। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाया और गिरफ्तारी की निंदा की।
इस दौरान अरुण वोरा ने कहा कि भाजपा कांग्रेस नेताओं के बढ़ते प्रभाव और लोकप्रियता से घबराई हुई है। अब ईडी और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के सहारे बदले की राजनीति कर रही है। भूपेश बघेल के बेटे की गिरफ्तारी भी इसी साजिश का हिस्सा है। यह लोकतंत्र की आत्मा पर प्रहार है, जिसे कांग्रेस कदापि बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अय्यूब ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज निर्देशानुसार आज पूरे प्रदेश में केंद्र सरकार और ईडी का पुतला दहन किया गया है क्योंकि मोदी सरकार और प्रदेश की बीजेपी सरकार का छत्तीसगढ़ गिरते ग्राफ एवं कांग्रेस पार्टी आक्रामकता बीजेपी सरकार जनविरोधी निर्णय का विरोध सडक़ से लेकर विधानसभा मे कांग्रेस पार्टी द्वारा किया जा रहा है। जिसके केंद्र सरकार और साय सरकार बौखला गई है अब वो छत्तीसगढ़ के प्रदेश के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बदनाम करने के लिये केंद्र एजेंसी ईडी का दुरुपयोग कर रही है। इनके द्वारा लगातार की जा रही द्वेष पूर्वक कार्यवाही छत्तीसगढ़ के नेताओं के खिलाफ किया जा रहा है। प्रदर्शन में राजेन्द्र साहू, धीरज बाकलीवाल, आर.एन. वर्मा, अजय मिश्रा, रत्ना नारमदेव, आयुष शर्मा, संजय कोहले सहित बड़ी संख्या में पार्षदगण, जिला कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के प्रतिनिधि शामिल रहे।