दुर्ग

भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होगी, वो जेल भी जाएंगे-केंद्रीय मंत्री अठावले
20-Jul-2025 4:32 PM
भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होगी, वो जेल भी जाएंगे-केंद्रीय मंत्री अठावले

भाषा विवाद पर बोले- गुंडागर्दी नहीं चलेगी, सख्त एक्शन ले रही सरकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 20 जुलाई। भिलाई प्रवास पर आए केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने ईडी की कार्रवाई को छत्तीसगढ़ में सही करार दिया है। उन्होंने कहा कि जो भ्रष्टाचार करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और उसे जेल भी जाना पड़ेगा।

श्री अठावले ने केंद्रीय जांच एजेंसियों और इलेक्शन कमीशन को स्वतंत्र एजेंसी बताते हुए कहा कि विपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी बेबुनियाद बयानबाजी करते हैं। अगर उनके पास भ्रष्टाचार संबंधी पेपर या तथ्य हैं तो वो भी एजेंसियों को कंप्लेंट करें जांच जरूर होगी।

छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला और मनी लांड्रिंग केस मेंपूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी को लेकर केंद्रीय मंत्री अठावले ने कहा कि विपक्ष लगातार सरकार पर आरोप लगा रहा है। ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठा रहा है। पूर्ववर्ती सरकारों ने लगातार भ्रष्टाचार किया है मगर पिछले 11 वर्ष में मोदी सरकार पर एक भी भ्रष्टाचार की शिकायत नहीं है, दरअसल नीयत साफ़ हो तो भ्रष्टाचार नहीं होता।

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले भिलाई में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि केंद्र में मोदी सरकार बिना दाग के काम कर रही है। जितनी भी जांच एजेंसियां कार्रवाई कर रही हैं वह सबूत के आधार पर हो रही। बिना सबूत के किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है। विपक्ष का तो काम ही है सही चीजों का भी विरोध करना।

केंद्रीय मंत्री ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले जारी वोटर लिस्ट और चुनाव आयोग पर गरमाई राजनीति को लेकर कहा की चुनाव आयोग ने बर्थ सर्टिफिकेट की मांग की है। जिसके पास बर्थ सर्टिफिकेट है, उसे वोट डालने का अधिकार है। इसमें गलत क्या है? राहुल गांधी तो बोलते रहते हैं। इलेक्शन कमीशन एक स्वतंत्र संस्था है। पीएम मोदी से उनका कोई लेना-देना नहीं है। इलेक्शन कमीशन को जो सही लगता है, वह यहां लागू किया जा रहा है।

महाराष्ट्र में चल रहे भाषाई विवाद को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाषा का ऐसा कोई विवाद नहीं है। राज ठाकरे के लोग जबरन नॉन मराठी लोगों को मराठी बोलने पर मजबूर कर रहे हैं। यह गुंडागर्दी महाराष्ट्र में नहीं चलेगी। महाराष्ट्र सरकार इसे लेकर सख्त कार्रवाई कर रही है।

महाराष्ट्र में बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से लोग आकर रहते हैं, यह जरूरी नहीं है कि सभी को मराठी आए। छत्तीसगढ़ में भी बड़ी संख्या में मराठी रहते हैं। ऐसे में हमारा देश एक है, संविधान एक है। किसी पर कोई पाबंदी नहीं लगाई जा सकती है और जो गुंडागर्दी कर रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट