दुर्ग

मेयर ने कहा- दुर्ग शहर की स्वच्छता प्रदर्शन में सुधार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 जुलाई। स्वच्छता सर्वेक्षण में दुर्ग शहर उछाल पर है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार रैंक भी भारी सुधार हुआ है। 50 हजार से 3 लाख तक की जनसंख्या में दुर्ग पूरे देश में 24 वे स्थान पर है। राज्य में 17वां स्थान प्राप्त हुआ है। पिछले वर्ष दुर्ग 314 वें रैंक पर था।
नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार समारोह में केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केन्द्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के परिणामों घोषित किया गया। स्वच्छता में बेहतर रैंक महापौर श्रीमती अलका बाघमार की मेहनत का प्रतिफल है। उनके द्वारा शहर में लगातार सफाई अभियान चलाया गया। सफाई व्यवस्था दुरुस्त की गई। उन्होंने कहा कि आने वाले समय सफाई अभियान पर जोर दिया जाएगा।
इस वर्ष के स्वच्छ सर्वेक्षण में दुर्ग शहर को 12500 अंकों में से कुल 10167 अंक प्राप्त हुए हैं। साथ ही साथ इस वर्ष गार्बेज फ्री सिटी स्टार रेटिंग अंतर्गत 1 स्टार एवं ओडीएफ डबल प्लस सर्टिफिकेशन प्राप्त हुआ है। मेयर अलका बाघमार ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष के सर्वेक्षण में दुर्ग का प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा है। पिछले वर्ष दुर्ग शहर को देश में 314 वां स्थान प्राप्त हुआ था। साथ ही जीएफसी स्टार रेटिंग में पिछले 3 वर्षों में कोई स्टार रेटिंग प्राप्त नहीं हुई थी।
महापौर अलका बाघमार एवं कमिश्नर सुमित अग्रवाल ने शहर को स्वच्छता में नंबर वन बनाने के लिए नागरिकों के साथ मिलकर और मेहनत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और भविष्य में भी इस दिशा में प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर दुर्ग शहर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के निकायों को जो सम्मान मिल रहा है, वह बहुत खुशी की बात है। मेयर व कमिश्नर ने नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण और मेहनत की तारीफ की।