दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 जुलाई। लगातार जारी झड़ी के बीच मोंगरा जलाशय से शिवनाथ में 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिले में पिछले दो दिनों में 31 मिमी वर्षा हुई है। तीसरे दिन भी लगातार झड़ी जारी रही। जिले में 23.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। जिले में पिछले एक सप्ताह से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और बीच-बीच में रिमझिम फुहार के साथ बारिश हो रही है। पिछले दो दिनों से लगातार झड़ी जारी है।
मोंगरा जलाशय के कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश हो रही है जिसके बाद इस साल पहली बार आज सुबह 2000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। फिर इसे बढ़ाकर 7000 क्यूसेक किया गया और 8 बजे छोड़े जा रहे पानी की मात्रा बढ़ाकर 15000 क्यूसेक कर दिया गया। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मोंगरा से पानी छोड़े जाने के बाद आज दुर्ग में शिवनाथ नदी पर स्थित महमरा एनीकट के 4 गेट खोल दिए गए। विभागीय अधिकारियों की माने तो उपरी हिस्से में स्थित कोनारी, भरदा एवं रूदा एनीकट पूरी तरह खाली होने की वजह से फिलहाल महमरा एनीकट के छलकने की संभावना कम है।
पिछले दो दिनों में सबसे ज्यादा पाटन तहसील अंतर्गत लगभग 60 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यहां शनिवार को 24.2 मिमी वर्षा हुई थी। वहीं आज भी 35 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसी प्रकार दो दिनों में दुर्ग में 44, अहिवारा 36.8, धमधा 9.7, बोरी 16 एवं भिलाई 3 तहसील में 19.6 मिमी वर्षा हुई है। इस प्रकार जिले में अब तक 144.7 मिमी वर्षा हो चुकी है जो आज की तिथि में जिले के सामान्य औसत वर्षा 233.7 मिमी से अभी भी काफी कम है।


