दुर्ग
गायत्री प्रज्ञापीठ पुलगांव में 150 बच्चों को बांटी किताबें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 जून। विश्व हिन्दू परिषद मंदिर एवं अर्चक पुरोहित संपर्क विभाग छत्तीसगढ़ प्रांत के पहल पर श्रीगायत्री प्रज्ञा पीठ शिव आश्रम पुलगांव एवं रमेश चंद्र फाउंडेशन- हेल्पिंग हैंड संस्था के सहयोग से सामूहिक विद्यारंभ संस्कार कराया गया।
विद्यारंभ संस्कार में मुख्य रूप से डॉ. मानसी गुलाटी समाजसेवी एवं प्रमुख रमेश चंद्र फाउंडेशन हेल्पिंग हैंड संस्था एवं मंदिर के अध्यक्ष रघुनंदन उजाला,व्यवस्थापक कुशल उजाला, गंगा उजाला, विश्व हिन्दू परिषद् के प्रांत मठ मंदिर प्रमुख डॉ आचार्य नीलेश शर्मा, सूर्यपथ स्कूल के प्राचार्य राजेश पवार, मंदिर संरक्षण समिति दुर्ग के अध्यक्ष दिलीप गुप्ता उपस्थित थे।
नागरिकों की उपस्थिति में 150 बच्चों का सामूहिक विद्यारंभ संस्कार कराया गया, जिसमें 60 अभिभावक बच्चों के साथ शामिल हुए। पुस्तक, कॉपी, पेन, पेंसिल, कटर, पाठ्य सामग्री, नारियल मिष्ठान द्वारा बच्चों को तिलक लगाकर विद्यारंभ संस्कार कराया गया।
आचार्य नीलेश शर्मा ने सोलह संस्कारों में से एक विद्यारंभ संस्कार को बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए अच्छी पहल बताया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम हर मंदिर समिति द्वारा आयोजित होना चाहिए।
डॉ. मानसी गुलाटी ने विद्यारंभ संस्कार की महत्ता को विस्तार से बताया जब बच्चा विद्यालय पढऩे जाता है तो बच्चे में ज्ञान की वृद्धि बौद्धिक क्षमता का विकास एवं सहज रूप से विद्या की प्राप्ति हो इसलिए इस संस्कार को वैदिक मंत्रों के साथ करने की परंपरा रही है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष रघुनंदन उजाला ने कहा कि जब भी विद्यारंभ संस्कार कराया जाएगा इसके लिए गायत्री मंदिर शिव आश्रम पुलगांव पूरा सहयोग करेगी। कार्यक्रम में गंगा उजाला ने धन्यवाद ज्ञापित किया।


