दुर्ग
भिलाई नगर, 28 जून। सीमा सुरक्षा बल द्वारा सामरिक मुख्यालय (स्पेशल ऑपरेशन), रिसाली कैंप, भिलाई, छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय नशा एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन आनंद प्रताप सिंह, भारतीय पुलिस सेवा, महानिरीक्षक के मार्गदर्शन में एवं बीएस पांगते, उप महानिरीक्षक के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल के अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण एवं जवानों ने सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशा और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाना एवं युवाओं को इस बुराई से दूर रखने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर सभी उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने नशा मुक्ति की शपथ ली और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस तरह के आयोजन न केवल सुरक्षा बलों के बीच सजगता बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में भी एक सशक्त संदेश देते हैं कि नशे के खिलाफ लड़ाई में हर व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।


