दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 जून। इन दिनों वाहन चोरी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अलग-अलग जगह पर खड़ी मोटरसाइकिल की चोरी होने की शिकायत प्रार्थियों ने थाना में की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मोहन नगर थाना मे प्रार्थी रामनारायण ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह सुंदर नगर उरला में रहता है और बढ़ाई का काम करता है। 24 जून की सुबह वह अपनी स्कूटी सीजी 07 बीडब्ल्यू 8266 को लेकर काम करने विजय कुमार खत्री के घर दीपक नगर गया हुआ था। उसने अपनी स्कूटी को विजय खत्री के मकान के सामने खड़ी कर दिया था और काम करने घर के अंदर चला गया था। थोड़ी देर बाद जब वह बाहर निकला तो देखा उसकी स्कूटी गायब थी।
इसी तरह प्रार्थी कमोद मालू ने पद्मनाभपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई कि वह सीजी 07 एएक्स-0436 जिसे वह स्वयं चलाता है। 24 जून की रात को वह अपनी मेडिकल दुकान बंदकर कर मोटरसाइकिल से घर आया और मोटरसाइकिल को अपने घर के सामने रोड के किनारे खड़ी कर लॉक लगा दिया था। दूसरे दिन सुबह उठकर देखा तो उसकी मोटरसाइकिल खड़े किए जगह पर नहीं थी। आसपास तलाश करने के बाद प्रार्थी ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। दोनों ही मामले में पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच कर रही है।


