दुर्ग

स्वामी आत्मानंद स्कूल में शिक्षकों व संसाधनों की कमी, पालकों में रोष
25-Jun-2025 5:10 PM
स्वामी आत्मानंद स्कूल में शिक्षकों व संसाधनों की कमी, पालकों में रोष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 जून।
इसे विडंबना ही कहा जाए कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों द्वारा बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर रिजल्ट दिए जाने के बावजूद भी वहां शिक्षकों तथा संसाधनों की कमी है। ऐसे कई सेजस स्कूलों में से एक उतई स्कूल भी है।
सेजस उतई में शिक्षकों तथा संसाधनों की कमी के चलते वहां के पालक खासे आक्रोशित हैं। इन कमियों को दूर करने मंगलवार को बड़ी संख्या में पालक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा को अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि संस्था में अंग्रेजी माध्यम में प्राथमिक विभाग में हिंदी एवं अंग्रेजी सहायक शिक्षक की आवश्यकता है, माध्यमिक स्कूल में हिंदी/संस्कृत शिक्षक की कमी है। संस्था में ही हिंदी माध्यम हायर सेकेंडरी में हिंदी एवं जीवविज्ञान व्याख्याता की कमी है, इस वजह से बच्चों की पढाई प्रभावित हो रही है। साथ ही संस्था में कक्षा कक्ष की कमी के चलते हिंदी माध्यम पूर्व माध्यमिक स्कूल शासकीय कन्या शाला के भवन में विगत दो वर्षों से संचालित हो रहा है। शिक्षकों तथा संसाधनों की कमी दूर नहीं करने की सूरत पर पालकों ने स्कूल में तालाबंदी की चेतावनी दी है।

 

पालकों ने जिला शिक्षा अधिकारी को बताया कि वर्तमान सत्र में भवन की कमी के कारण अंग्रेजी माध्यम 9वीं व 11वीं की कक्षाएं सप्ताह में 3-3 दिन ही संचालित हो पा रही हैं। शाला के प्राचार्य द्वारा पूर्व में भी भवन व शिक्षकों की कमी से जिला शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया गया है। परन्तु आज तक इस सम्बन्ध में उचित कार्यवाही नहीं हुई है। इसके पहले स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय उतई में पालक संघ एवं उतई ग्राम निवासिओं के मध्य संस्था में शिक्षकों की कमी एवं अन्य समस्याओं के विषय में बैठक हुई। पालक समिति द्वारा सेजस उतई की समस्याओं की ओर ध्यानाकर्षण करने व उचित कार्यवाही ज्ञापन प्रेषित कर रहा है। उचित कार्यवाही के अभाव में समिति दो दिन पश्चात शाला में तालाबंदी करेगी। ज्ञापन सौंपने वालों में कन्हैया यादव, सोहनलाल, मनोज कुमार, तारकेश्वर देवांगन, चंद्र प्रकाश, दिलीप कुमार, अशोक कुमार, परसराम गंगाधर परदेसी, नरेश कुमार, राजेश कुमार अमरलाल, अजय कुमार, वीरेंद्र सिंह, राम पटेल, मनोहर लाल, कमल नारायण, चंद्रशेखर, भुवनेश्वर कुमार, रमेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, ठाकुर राम, डिकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पालक मौजूद थे। पालकों ने बताया कि संस्था में विद्यार्थियों की दर्ज संख्या 1095 है, जिसमें प्राथमिक शाला में 2 सहायक शिक्षक, पूर्व माध्यमिक में 1 शिक्षक व हायर सेकेंडरी में 2 व्याख्याताओं की कमी है। संस्था में एक भृत्य व एक सफाई कर्मी कार्यरत है जिसके कारण साफ सफाई का कार्य प्रभावित है। अत: कम से कम दो सफाई कर्मी व एक चौकीदार की भी आवश्यकता है।


अन्य पोस्ट