दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 24 जून। वैशालीनगर के पूर्व विधायक स्व. दाउ विद्यारतन भसीन की द्वितीय पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी याद में समाधान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन लोक भारती स्कूल के सामने गायत्री मंदिर मैदान रामनगर में किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, भाजपा भिलाई जिला अध्यक्ष पुरूषोत्तम देवांगन, आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय, जोन आयुक्त येशा लहरे, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, पार्षद दया सिंह, संतोष मोर्या, सीजू एन्थोनी, लक्ष्मीपति राजू, राजेश चौधरी, ललित मोहन एवं नागरिको की उपस्थिति में श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने वक्तव्य में बताया कि भसीन जी अपने कार्यकाल में जरूरतमंदों के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में विभिन्न कार्य कराये। उन्होंने भिलाई के नागरिको को शासन की योजनाओं का भरपुर लाभ दिलाए, उनके हितों को ध्यान में रखकर कार्य किए। भसीन जी नागरिकों के बीच हमेशा उनके साथ खड़े रहते थे। किसी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल उसका निराकरण कराते रहे हंै।

उन्होंने भिलाई को अनेको सौगात दिए जैसे- शिवनाथ नदी से पाइप लाईन डालकर 66 एम.एल.डी. की स्थापना एवं हर घर नल से जल की व्यवस्था। मुक्तिधाम में 101 रूपये में दाह संस्कार की व्यवस्था। वैशाली नगर कॉलेज के सामने गौरव पथ का निर्माण, बोगदा पुलिया से दुर्ग अंडर ब्रिज तक एम.आर. रोड का निर्माण, सियान सदन की स्थापना कराये। नेहरू नगर भेलवा तालाब एवं रूआबांधा तालाब का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल का उन्नयन कार्य।


