दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 जून। दुर्ग जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पाटन ब्लॉक के अमलेश्वर से लगे ग्राम -खम्हरिया में रहने वाले बजरंग महिलांग के घर की बाड़ी में बने दो अलग-अलग कुएं से दो शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। इसमें से एक महिला का था और दूसरा बच्चे का। दोनों के हाथ पैर बंधे हुए थे। हालांकि अभी दोनों मृतक कौन थे, इसकी पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस मामले को हत्या से जोडक़र इसकी जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार पाटन ब्लाक के अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम-खम्हरिया की है। आज दोपहर पानी लेने गांव की कुछ महिलाएं कुंए के पास पहुंची तो अजीब सी बदबू आई। इसके बाद उन्होंने झांक कर देखा तो उसमें गठरी में बंधा हुआ कुछ नजर आया। उसके बाद उन्होंने इसकी सूचना अमलेश्वर पुलिस को दी। अमलेश्वर थाना की टीम पहुंची और तत्काल अपने आला अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल, एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर, एसडीओपी पाटन अनूप लकड़ा सहित क्राइम डीएसपी अजय सिंह वहां पहुंचे और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव की गठरी को खुलवाया। महिला सलवार सूट पहनी हुई थी और बच्चे के हाथ पैर बंधे हुए थे और बाकायदा उन्हें साड़ी में लपेटकर कुएं में डाला गया था। एक शव 10 से 12 वर्ष के बच्चे का है। वहीं,दूसरा शव 30-35 वर्ष की महिला का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है।


