दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 जून। छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्युटर एसोसिएशन (सीसीडीए) के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल से मुलाकात की और प्रदेशभर में ड्रग विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई के रूप में चलाए जा रहे छापामार अभियानों के विरुद्ध आपत्ति जताई गई।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल द्वारा स्वास्थ्य मंत्री को अवगत कराया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में दवा दुकानों पर औषधि निरीक्षकों के साथ-साथ पुलिस टीम द्वारा अचानक छापेमारी की कार्यवाही की जा रही है, जिससे चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े व्यापारियों में गंभीर असंतोष और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है। दवा दुकानें एक संवेदनशील और आवश्यक सेवा प्रदायक क्षेत्र हैं, जहाँ इस प्रकार की कार्रवाइयाँ केवल असुविधा ही नहीं, बल्कि एक अविश्वास का माहौल भी पैदा करती हैं। सीसीडीए का यह प्रतिनिधिमंडल संगठन के सचिव अविनाश अग्रवाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य मंत्री से मिला।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से लिया है और इस मामले में संबंधित अधिकारियों को ऐसी सम्मिलित कार्यवाहियों को तत्काल प्रभाव से रोकने के दिशा मेंं निर्देश देने का आश्वासन दिया है। सीसीडीए के सचिव अविनाश अग्रवाल ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि हम ड्रग विभाग की नियमानुसार जांच प्रक्रिया का सम्मान करते हैं और सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहते हैं, लेकिन जब पुलिस टीम हमारी दवा दुकानों में खड़ा होकर भय और दबाव का वातावरण बनाता है, तो यह न केवल हमारे व्यवसायिक स्वाभिमान के खिलाफ है, बल्कि ग्राहकों और कर्मचारियों पर भी मानसिक प्रभाव डालता है। यह किसी भी दृष्टि से न्यायसंगत नहीं है। यदि यह स्थिति यूं ही बनी रहती है, तो हम विवश होकर विरोध और असहयोग की राह पर चलने को बाध्य होंगे। श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि हम छत्तीसगढ़ के हर नागरिक तक जीवनरक्षक दवाएँ समय पर पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। लेकिन यदि शासन हमारी गरिमा और आत्मसम्मान की रक्षा नहीं करता, तो हमें विवश होकर दवा दुकानें बंद करने जैसे कठोर कदम उठाने पड़ सकते हैं।
ऐसी स्थिति में आम जनता को होने वाली असुविधा की पूरी जि़म्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्युटर एसोसिएशन (सीसीडीए) के प्रतिनिधिमंडल में सचिव अविनाश अग्रवाल, देवव्रत गौतम, सुधीर अग्रवाल, तोशन चंद्राकर,अशोक मालू, पीडी रमानी, भारत रमानी के अलावा अन्य वरिष्ठ सदस्य शामिल रहे।


