दुर्ग

दुर्ग : 5 माह में 5 सौ वाहन जब्त
17-Jun-2025 7:29 PM
दुर्ग : 5 माह में 5 सौ वाहन जब्त

नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस सख्त 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 17 जून। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा 5 माह में कुल 518 वाहन चालको का वाहन जब्त कर न्यायालय पेश किया जा चुका है और न्यायालय द्वारा प्रत्येक वाहन चालक को 10 हजार रूपये के अर्थदण्ड से दंडित भी किया जा चुका है?।

एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि ऐसे वाहन चालकों के लायसेंस निलंबन हेतु परिवहन विभाग को भेजा जा रहा है। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिले की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने ऑपरेशन सुरक्षा अभियान चला कर सडक़ के चार प्रमुख बिन्दुओं पर कार्य किया जा रहा है जिसमें सडक़ों एवं चौक चौराहों की अभियांत्रिकी त्रुटि को दूर करना, सडक़ो से अतिक्रमण एवं अवैध कब्जा को हटाना, वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना एवं सडक़ दुर्घटना में होने वाली मौत के कारण एवं लापरवाह चालकों पर सख्त कार्यवाही।

इस अभियान में रात्रि के समय सडक़ दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में से एक कारण वाहन चालक का नशे में वाहन चलाना पाया गया है। ऐसी सडक़ दुर्घटनाओं पर अकुंश लगाने यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा ऑपरेशन सुरक्षा अभियान के तहत प्रतिदिन देर रात्रि तक जिले के प्रमुख अलग अलग मार्ग एवं ग्रे/ब्लेक स्पॉट स्थल पर वाहन चालकों को ब्रीथएनेलाईजर मशीन से चेक कर नशे में वाहन चलाने वालों पर उचित वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

उन्होंने बताया कि विगत 5 माह में जिले में विशेष पाइंट लगाकर नशे में वाहन चलाने वाले पर कार्यवाही करने वाहन चालकों को ब्रीथएनेलाईजर मशीन से चेक किया गया, जिसमें कुल 518 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्यवाही कर वाहन जब्त कर अग्रिम कार्यवाही हेतु न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा प्रत्येक वाहन चालकों को 10 हजार रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया। ऐसे वाहन चालकों के लायसेंस निलंबन हेतु परिवहन विभाग को भी भेजा जा रहा है।


अन्य पोस्ट