दुर्ग
10 युवतियों सहित 13 से पूछताछ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 जून। सूर्या टीआई मॉल में पुलिस ने कल देर रात छापेमारी कर 10 लड़कियों सहित कुल 13 लोगों को पूछताछ के लिए थाना लाया है। पुलिस को मौके से कई आपत्तिजनक चीजें भी मिली हैं, इस संबंध में स्पा सेंटर संचालकों और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
एएसपी पद्मश्री तंवर ने अपनी टीम के साथ कल रात यह रेड की कार्रवाई की। टीम जब स्पा सेंटर पहुंची तो लगभग सभी ग्राहक मौजूद थे। पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो वहां अनैतिक गतिविधियां चल रही थीं। ऐसे में पुलिस ने स्पा में काम करने वाली महिलाओं और पुरुषों को पूछताछ के लिए थाना लाया है।
एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि टीम ने मॉल में संचालित 8 स्पा सेंटर्स पर छापेमारी की है। उन्हें यहां से कई संदिग्ध, अनैतिक चीजों के साथ-साथ रजिस्टर और अन्य साक्ष्य मिले हैं। कार्रवाई में स्मृति नगर चौकी पुलिस और अन्य कई थानों से महिला बल को बुलाया गया था। इन सभी ने स्पा में पकड़े गए लडक़े-लड़कियों को गाडिय़ों में बैठाया और स्मृति नगर चौकी ले गए। वहां देर रात तक पूछताछ की कार्रवाई चली। 8 में से 3 स्पा सेंटर्स में संदिग्ध गतिविधियां मिली हैं बाकि के 5 स्पा सेंटर्स में पुलिस को कुछ भी नहीं मिला है।


