दुर्ग

भाजपा सरकार अंबेडकर के संविधान को बदलना चाहती है-ताम्रध्वज
09-Jun-2025 5:30 PM
भाजपा सरकार अंबेडकर के संविधान को बदलना चाहती है-ताम्रध्वज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 जून।
मौजूदा सरकार बाबा साहब अंबेडकर के संविधान को बदलना चाह रही है। केन्द्र सरकार संविधान के विपरीत काम कर रही है। उक्त बातें पूर्व केबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू ने दुर्ग ग्रामीण विधानसभा स्तरीय संविधान बचाओ रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए व्यक्त की। इस दौरान मौजूद दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित पार्टी अन्य नेताओं ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

पूर्व गृहमंत्री श्री साहू ने आरोप लगाया कि बीजेपी देश में नफरत का माहौल बना रही है, जबकि कांग्रेस मोहब्बत और भाईचारे का संदेश देने निकली है। कांग्रेस सरकार के दौरान किसानों के लिए सिंचाई योजनाएं, शिक्षा का अधिकार और मनरेगा जैसी योजनाएं लागू की गईं, जिससे करोड़ों लोगों को लाभ मिला। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में देश को खाद्य सुरक्षा कानून दिया गया। लेकिन आज की सरकार ने किसानों, युवाओं, मजदूरों और व्यापारियों को हताश कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इन योजनाओं को या तो बंद कर रही है या उनका नाम बदलकर श्रेय ले रही है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी पर संविधान के साथ छेड़छाड़ और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सत्ता के दुरुपयोग के साथ-साथ केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान बचाने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने की अपील करते कहा कि भीषण गर्मी में जिस तरह पार्टी के लोग आकर उसका व पार्टी के हौसले को बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उससे कार्यकर्ताओं का उत्साह भी झलक रहा है। श्री ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी ने संविधान बचाओ का जो नारा संदेश दिया है उसे हर हाल में हम सबको मिलकर साकार करना है। साथ ही कांग्रेस का लक्ष्य हर बूथ और पंचायत स्तर पर मजबूती से संगठन खड़ा करना है।
 इससे पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर रविवार को प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री श्री साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस विधानसभा स्तरीय संविधान बचाओ रैली की शुरुआत छतीसगढ़ महतारी, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं संविधान निर्मता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया गया।


 

इस अवसर पर अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण राकेश ठाकुर, अध्यक्ष ब्लांक कांग्रेस कमेटी प्रदीप चंद्राकर, महापौर नगर निगम रिसाली शशि सिन्हा, जितेन्द्र साहू, नंद कुमार सेन, योगिता चंद्राकर,  लक्ष्मी साहू, रिवेन्द्र यादव, देवेन्द्र देशमुख, पुष्पा साहू, मुकुंद भाऊ, चंद्रकांत कोरे, झमित गायकवाड़, हेमीन चतुर्वेदी, केशव बंछोर, विक्की मिश्रा, कृष्णा देवांगन, नंद कुमार साहू, घसिया देशमुख, दुश्यंत देवागंन, प्रसन्ना टांक, सरिता साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।


अन्य पोस्ट