दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 जून। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भाजपा जिला के तत्वाधान में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता एवं सेना के अद्भुत साहस व शौर्य के सम्मान में आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा भाजपा के सभी मंडलों में वार्ड व ग्राम स्तर तक निकाला गया।
इसी कड़ी में कैंप मंडल, वैशाली नगर मंडल, सुपेला मंडल, कोहका मंडल, एवं सभी 13 मंडलों में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई । भारत माता की आरती भी की गई।
तिरंगा यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, जिला महामंत्री द्वय प्रेमलाल साहू व बिजेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह, मिथिला खिचरिया, जिला मंत्री व तिरंगा यात्रा संयोजक विजय जायसवाल, भाजयुमो जिला अध्यक्ष व तिरंग यात्रा सह संयोजक अमित मिश्रा सभी मंडलों में उपस्थित रहकर तिरंगा यात्रा को सफल बनाए।
भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने भारतीय सेना के शौर्य और साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस तरह आतंकवादियों के द्वारा निर्दोष पर्यटकों की जान ली गई, मां बहनों का सुहाग उजाड़ दिया गया। इसके खिलाफ एक साहसिक कदम उठाने की जरूरत थी, जो कि भारतीय सेना ने कर दिखाया। भारतीय सेना द्वारा की गई ऑपरेशन सिंदूर की वजह से पाकिस्तान में पल रहे आतंकवादियों को भारत में हमला करने से पहले दस बार सोचना पड़ेगा।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष व तिरंगा यात्रा सह संयोजक ने कहा कि तिरंगा हमारे शौर्य का प्रतीक है और सेना हमारा गौरव है इनके सम्मान के लिए हम सभी आम जनमानस के साथ मिलकर तिरंगा यात्रा घर घर जाएंगे। सेना के उत्साहवर्धन और तिरंगे के प्रति सम्मान को दर्शाता है, हमे गर्व है हमारी सेना पर और गौरव हैं तिरंगे पर, जनमानस के मन में राष्ट्र भक्ति का भाव जगाने यह कार्यक्रम किया गया। यह जानकारी भाजयुमो जिला मीडिया प्रभारी जयंत शर्मा ने दी।


