दुर्ग

जिले में चलाए जा रहे योजनाओं, सेवाओं और कार्यक्रमों की ली जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 जून। राज्यपाल रमेन डेका शनिवार को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ जिले के प्रवास पर रहे। राज्यपाल ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चलाए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों, योजनाओं और सेवाओं की समीक्षा की। राज्यपाल डेका ने कहा कि अधिकारीगण प्रशासनिक उत्तरदायित्व और जवाबदेही के साथ आम जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें। जनता से संवाद करें और उसकी समस्या को सुनकर सुलझाएं। अधिकारीगण सुनिश्चित करें कि वे जनता के लिए कार्य करने हेतु नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने अपनी मंशा जाहिर करते कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य विकसित राज्य बने और निरंतर प्रगति की पथ पर आगे बढ़े। राज्य को विकसित राज्य और अग्रणी राज्य बनाने में अधिकारीगण अपनी सार्थक भूमिका का निर्वहन करें।
राज्यपाल डेका ने जल संचयन और जल संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों और कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जल संचयन और जल संरक्षण के लिए निजी क्षेत्र के लोगों को डबरी निर्माण के लिए प्रोत्साहित करें। इसके साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों और भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग अवश्य बनाएं। उन्होंने बैठक में पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगाने कहा। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय कार्यालय के साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, चिकित्सालयों में बड़ी संख्या में पौधरोपण करें। पौधरोपण के उपरांत उचित देखभाल करें, पौधों के विकसित होने के लिए कारगर उपाय करें। उन्होंने इस कार्य को चुनौती और मिशन के तौर पर करने कहा।
राज्यपाल ने किसानों की आय में वृद्धि करने और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य योजना बनाने कहा। उन्होंने कहा कि किसानों का समय-समय पर मार्गदर्शन करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत खुले में शौच मुक्त हुए ग्राम पंचायत और ग्रामों में इसे स्थायित्व बनाए रखने निरंतर जागरूकता अभियान चलाएं। गांवों का भ्रमण कर स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का मूल्यांकन करें।
बैठक उपरांत राज्यपाल रमेन डेका ने 4 ग्राम पंचायत को टीवी मुक्त ग्राम पंचायत होने पर प्रशस्ति पत्र भेंट कर ग्राम पंचायत के सरपंचों को सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव सीआर प्रसन्ना, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह, वनमंडलाधिकारी दिनेश पटेल, जिला पंचायत सीईओ भारती चन्द्राकर सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
राज्यपाल को दिया गया गॉड ऑफ ऑनर
राज्य निर्माण के उपरांत 25 साल बाद शनिवार को जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी परिसीमा में राज्यपाल रमेन डेका का आगमन हुआ। राज्यपाल रमेन डेका का यहां पहुंचने पर जिला कलेक्टर परिसर में उन्हें गॉड ऑफ आनर देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कलेक्टर परिसर और एकलव्य विद्यालय परिसर में मौलश्री का पौधरोपण किया। मौलश्री पौधा औषधि से भरा युक्त पौधा होता है।
उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में कृषि समूह द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान जैविक खेती से उत्पादित फसलों एवं उत्पादित मिलेट से रूबरू हुए। इस दौरान राज्यपाल ने महिला समूह से भेंटकर उनके द्वारा किया जा रहे प्रयासों और उनके हुनर से रूबरू हुए। राज्यपाल डेका ने मानपुर में संचालित एकलव्य विद्यालय पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने एकलव्य विद्यालय को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य को सुदृढ़ करने और सपने को साकार करने में यह विद्यालय मिल का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विद्यालय में आधुनिक सुविधा के साथ विद्यार्थियों को समग्र शिक्षा से जोडऩे कहा।
राज्यपाल ने महिलाओं से की मुलाकात
राज्यपाल ने शनिवार को मोहला प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत कार्यरत स्व सहायता समूहों की महिलाओं से मुलाकात कर उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने डोकला निवासी लक्ष्मी वट्टी एवं केकतीटोला निवासी करौंदाबाई से संवाद कर उनके आत्मनिर्भरता के प्रयासों की जानकारी ली। राज्यपाल ने खुशी स्व सहायता समूह और मां बमलेश्वरी स्व सहायता समूह द्वारा किए जा रहे सुअर पालन, मुर्गी पालन, सिलाई, मछली पालन, मक्का एवं सब्जी उत्पादन जैसे विविध आजीविका गतिविधियों की प्रशंसा की। उन्होंने इन कार्यों को ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।