दुर्ग

प्रथम चरण में होगी 15 कुओं की सफाई
01-Jun-2025 9:02 PM
प्रथम चरण में होगी 15 कुओं की सफाई

कुओं से सील्ट निकालने महापौर ने दिए निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 जून।
ग्रीष्म ऋतु के प्रारंभ से ही भूजल स्तर कम होने के कारण जल संकट की स्थिति निर्मित हो रही थी, जिसे ध्यान में रखकर मोहारा शिवनाथ नदी एनीकट में सील्ट निकालने की कार्रवाई की गई। इसी कड़ी में नगर निगम द्वारा शहर के सार्वजनिक कुओं की सफाई करने का बीड़ा उठाया तथा महापौर मधुसूदन यादव के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने प्रक्रिया कर प्रथम चरण में 15 कुओं की सफाई करने कार्यादेश जारी किया। जिसके परिणाम स्वरूप निगम सीमाक्षेत्र के कुओं की सफाई प्रारंभ हो गई। कुआं सफाई का जायजा लेकर महापौर  ने सभी कुओं से सील्ट निकालकर अच्छे तरीके से सफाई करने के निर्देश दिए।

मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम सीमा क्षेत्र में 61 सार्वजनिक कुंए हैं। जिनमें से प्रथम चरण में 15 कुओं की सफाई की जा रही है, ताकि कुओं के पानी का जलस्रोत बढ़े और निस्तारी योग्य बने। विगत एक सप्ताह से कुओं की सफाई की जा रही है।  जिसके तहत मोतीपुर बरबट्टी कुआं,  वार्ड नं. 11 के मजार गली व आम्बेडकर मूर्ति के पास का कुआं तथा वार्ड नं. 12 में बुद्ध मूर्ति के पीछे व स्टेशन रोड कुआं, की सफाई की गई।  वर्तमान में ढाबा के कुआं और गांधी चौक कुंआ की सफाई दो दिनों से की जा रही है। सभी 15 कुओं  की सफाई बारिश के पूर्व की जाएगी, ताकि जल स्त्रोत खुलकर बारिश में पानी संग्रहण बढेगा।

 

महापौर मधुसूदन यादव स्वयं कुआं सफाई का जायजा लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे हैं। उनके द्वारा गांधी चौक कुआं सफाई का निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा समेत  शैकी बग्गा, राजा माखीजा, रवि सिन्हा, देवेन्द्र मोहन लाला के साथ जायजा लेकर कहा कि सभी कुंआ से सील्ट भी निकाले और अच्छी तरह से साफ  करना सुनिश्चित करें। सफाई के पश्चात भी यदि आंधी-तूफान से पेड़ के पत्ते या कचरा आदि गिरने से उसे भी साफ  करते जाए। उन्होंने अधिकारियों से भी कहा कि जिस क्षेत्र का कुआं सफाई हो वहां मानिटरिंग करे और संबंधित पार्षद को भी सूचित करे।
महापौर श्री यादव ने नागरिकों से अपील की है कि कुआं, तालाब हमारे पुरातत्व धरोहर है। इसका संवर्धन संरक्षण के अलावा इसको साफ  रखना हमारी जवाबदारी है। सभी कुओं व तालाबों को साफ -सुथरा रखना है, इसमे कचरा गंदगी नहीं डालना है और लोगों को कचरा डालने मना करना है।


अन्य पोस्ट