दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 मई। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग अंतर्गत खरीफ वर्ष 2025 के लिए दुर्ग, बालोद, बेमेतरा जिले अंतर्गत अभी से किसानों को 370 करोड़ रूपए का ऋण वितरण किया जा चुका है। गत वर्ष के मुकाबले अब तक की स्थिति 15 हजार 912 अधिक किसान ऋण ले चुके हैं। वहीं गत वर्ष की तुलना अब तक 65 करोड़ रुपए का अधिक ऋण किसानों द्वारा लिए जा चुके हैं।
जानकारी के अनुसार खरीफ 2025 में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग अंतर्गत बालोद, बेमेतरा एवं दुर्ग जिले के किसानों को कुल 1400 करोड़ रुपए का ऋण वितरण किए जाने का लक्ष्य है। इसमें 840 करोड़ नगद एवं 560 करोड़ रुपए वस्तु के रूप में वितरण किया जाना है। जिसके विरुद्ध 89567 किसान अब तक 346 करोड़ 38 लाख नगद एवं 23 करोड़ 62 लाख रुपए का खाद व बीज ले चुके है। अर्थात कुल 370 करोड़ रुपए का ऋण वितरण हो चुका है जो प्राप्त लक्ष्य का 26.43 प्रतिशत है जबकि गत वर्ष आज की तिथि में 73655 किसानों को 305 करोड़ लाख रुपए का ऋण वितरण हुआ था जो गत वर्ष प्राप्त लक्ष्य का 22.11 प्रतिशत था।
जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग अंतर्गत ऋण के प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक आज की तिथि खरीफ 2025 के लिए बेमेतरा जिले में सर्वाधिक 38416 किसानों द्वारा 165 करोड़ 93 लाख रुपए के ऋण लिए जा चुके हैं जो जिले को प्राप्त लक्ष्य का 34.57 प्रतिशत है।
इसी प्रकार बालोद जिले में 34052 किसानों को 129 करोड़ 35 लाख रुपए का ऋण वितरण किया जा चुका है जो प्राप्त लक्ष्य का 26.95 प्रतिशत है जबकि दुर्ग जिले में प्राप्त लक्ष्य का मात्र 17.79 प्रतिशत ही ऋण वितरण हो पाया है। यहां 17099 किसानों को कुल 74 करोड़ 72 लाख रुपए का ऋण वितरण हुआ है। सीईओ एस के जोशी का कहना है जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग ऋण के मामले में पूरे प्रदेश में बेहतर स्थिति में है। गत वर्ष के मुकाबले अधिक ऋण वितरण हो चुका है। तीनों जिले दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा में गत वर्ष की तुलना में आज की तिथि अधिक ऋण वितरण के साथ ही ऋण लेने वाले किसानों की संख्या भी अधिक है।


