दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 मई। भारती विश्वविद्यालय में राष्ट्र प्रथम राष्ट्र सर्वोपरि भावना को समर्पित अभियान विषय पर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनसीसी) इकाई द्वारा संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं में देशप्रेम, नागरिक उत्तरदायित्व और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी रॉलिक बेंज़ामिन दास ने की। उन्होंने उपस्थित छात्रों और राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों को माय भारत पोर्टल में पंजीकरण करने के लिए प्रोत्साहित किया तथा सिविल डिफेंस वालंटियर्स के रूप में नामांकन करने हेतु विद्यार्थियों को प्रेरित किया। श्री दास ने कहा कि राष्ट्र की सेवा में युवाओं की भागीदारी ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. रोहित कुमार वर्मा, भारती यादव, जयंत बारीक, एवं डॉ. सीमा द्विवेदी ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्यों से संबंधित मॉक ड्रिल अभ्यास का प्रशिक्षण दिया।
इस मॉक ड्रिल में छात्रों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, सुरक्षित और संगठित ढंग से प्रतिक्रिया देना सिखाया गया। छात्रों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्र प्रथम की भावना को आत्मसात किया और समाज सेवा तथा देशहित में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
राष्ट्र प्रथम अभियान के माध्यम से भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग के द्वारा सन्देश दिया गया कि राष्ट्र सर्वोपरि है और युवा शक्ति उसकी सबसे बड़ी संपत्ति है।


