दुर्ग

शिल्प कुमार-प्रतिष्ठा बनी अंडर-13 राज्य शतरंज चैंपियन
20-May-2025 3:13 PM
 शिल्प कुमार-प्रतिष्ठा बनी अंडर-13 राज्य शतरंज चैंपियन

मानसिक विकास, रणनीति,धैर्य, व विश्लेषण की शक्ति को बढ़ाता है शतरंज-भावना बोहरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 20 मई। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ द्वारा एकेडमिक वल्र्ड स्कूल बेमेतरा के सहयोग से छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने वाली अंडर 13  फिडे रेटेड  राज्य शतरंज चैंपियनशिप  का भव्य समापन एकेडमिक वल्र्ड स्कूल, बेमेतरा में हुआ।

इस प्रतियोगिता में राज्य भर के 20 जिलों से आए 126 प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने भाग लिया। तथा अत्यंत उत्साहपूर्वक प्रतिस्पर्धा करते हुए अपने कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतिस्पर्धा में अंडर 13 वर्ग के 20 अंतराष्ट्रीय वरीयता प्राप्त खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भावना बोहरा, विधायक पंडरिया एवं  कार्यक्रम की अध्यक्षता दीपेश साहू, विधायक बेमेतरा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश शतरंज संघ के महासचिव विनोद राठी एवं विनीत राजोरिया उपस्थित थे। मंच संचालन तुलसी सोनी, सचिव, जिला शतरंज संघ, दुर्ग द्वारा किया गया।

अतिथियों का स्वागत ईश्वर सिंह राजपूत व सुबोध कुमार सिंह सह सचिव, छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इस अवसर पर स्वागत भाषण एवं आयोजन के संबंध में  विनोद राठी,  ने कहा कि चैंपियन खोजने की दिशा में यह प्रतियोगिता पहला सफल प्रयास रहा है। उन्होंने इस आयोजन को अंतरास्ट्रीय गुणवत्ता वाला बताया।

मुख्य अतिथि भावना बोहरा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि शतरंज बच्चों के मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक खेल है, जो रणनीति, धैर्य और विश्लेषण की शक्ति को बढ़ाता है। उन्होंने शतरंज  प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और यह आश्वासन दिया कि छत्तीसगढ़ में शतरंज को और आगे बढ़ाने हेतु वे हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगी। समारोह की अध्यक्षता कर रहे श्री दीपेश साहू, विधायक, बेमेतरा ने अपने संबोधन में शतरंज को जीवन से जोड़ते हुए कहा कि जैसे शतरंज में हर चाल सोच-समझकर चलनी होती है, वैसे ही जीवन में भी योजना और रणनीति अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।  सम्पन्न छत्तीसगढ़ स्टेट अंडर 13 फिडे रेटिंग शतरंज चैंपियनशिप के बालक एवं बालिका वर्ग के परिणाम इस प्रकार रहे।

ओपन वर्ग (बालक) में दुर्ग के शिल्प कुमार घोड़ेश्वर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब जीता। द्वितीय स्थान दुर्ग के ही अभिनव सिंह राजपूत ने प्राप्त किया, जबकि रायपुर के देवांश जैन ने तृतीय स्थान हासिल किया। चतुर्थ विराट अय्यर (दुर्ग), पांचवां प्रणव अग्रवाल (रायपुर), छठवां युगविजय साहू (महासमुंद), सातवां अक्ष चोपड़ा (रायपुर), आठवें स्थान पर भव्यम झावर (रायपुर) रहे। बालिका वर्ग में भी खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

 

प्रथम स्थान प्रतिष्ठा अहिरवार (रायपुर) द्वितीय स्थान  इशिका मडक़े (दुर्ग), तृतीय स्थान हेतांशी मुदलियार (रायपुर) ,चतुर्थ से अष्टम स्थान पर रहीं । अन्य स्थान पर क्रमश: सुकृति शर्मा (रायपुर), अदिति आदित्य (रायपुर), अद्विका पांडेय (रायपुर), अनिरुद्धि अनंत (रायगढ़), परिधि लिल्हारे (दुर्ग) रही। मुख्य अतिथि ने सभी विजेताओं को ट्रॉफी,मोमेंटो था प्रमाण पत्र तथा भाग लेने वाले सभी खिलाडिय़ों को मेडल देकर सम्मानित किया।

बालक वर्ग में शिल्प कुमार घोड़ेसवार,अभिनव सिंह राजपूत एवं बालिका वर्ग में अहिरवार तथा इशिका मडक़े राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए चयनित हुए । प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्णायकों की टीम की अहम भूमिका रही। जिसमें मुख्य निर्णायक अंतरराष्ट्रीय निर्णायक अनीश अंसारी सहायक निर्णायक फीडे आर्बिटर रॉकी देवांगन एवं शुभम बसोने पेयरिंग आर्बिटर फीडे आर्बिटर हर्ष शर्मा अन्य निर्णायकों  में अनिल शर्मा, सुबोध कुमार सिंह, ओम प्रकाश, हरिवंश अग्रवाल, तरुण सारथी, सुरेश होता, विक्रम सिंह राजपूत, ममता देवांगन, तथा आकांक्षा शर्मा शामिल थे। आयोजन में चित्रांश अग्रवाल,शेख लतीफ,इम्तियाज मेमन,तुलसी सोनी का भी सराहनीय योगदान रहा।


अन्य पोस्ट