दुर्ग
दुर्ग-रायगढ़ युवा आदान प्रदान कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 9 मार्च। माय भारत नेहरू युवा केन्द्र दुर्ग द्वारा 2 से 6 मार्च तक पांच दिवसीय अंतर जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम दुर्ग-रायगढ़ चोपड़ा पैलेश दुर्ग में किया गया। इस कार्यक्रम में रायगढ़ जिले के युवाओं ने दुर्ग जिले की सांस्कृतिक एवं भौगोलिक विरासत के साथ स्थानीय परंपराओं और विकास गतिविधियों समझा, साथ ही आपकी सामंजस्य से राज्य व देश की उन्नति के लिए राष्ट्रीय एकता और समरसता को बढ़ावा देने के महत्व पर भी मंथन किया।
कार्यक्रम के दौरान दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने युवाओं को अपने निवास पर आमंत्रित कर भारत सरकार के विकसित भारत की संकल्पना पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। साथ ही उन्होंने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के कथनों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में युवाओं को सहभागी बनने प्रेरित किया। कहा एक भारत श्रेष्ठ भारत बनाने के लिए युवा आदान प्रदान कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवा अलग अलग प्रांत जिला में जाकर वहां के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का अवलोकन कर पा रहे हैं जो भविष्य में विकसित भारत के लिए योजना निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे।
नेहरू युवा केंद्र दुर्ग के जिला युवा अधिकारी नितिन शर्मा ने बताया कि 2 मार्च से 6 मार्च तक चोपड़ा पैलेस दुर्ग में रायगढ़ जिले के 27 युवा पांच दिनों तक शैक्षणिक सत्र, कार्यशाला, खेल और क्षेत्र भ्रमण जैसे कार्यक्रम में सम्मिलित होकर दुर्ग जिले के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासतों से रूबरू हुए।
उन्हें नगपुरा पार्श्वनाथ तीर्थ, मूर्तिकला के लिए प्रसिद्ध थनौद सहयोगी सामुदायिक रेडियो स्टेशन, हमर हटरी सहित आसपास के पर्यटन एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। साथ ही छग की कला एवं संस्कृति के विषय पर मास्टर ट्रेनर योगेश चंद्राकर, सामुदायिक विकास विषय पर आदित्य भारद्वाज, व्यक्तित्व निर्माण विषय पर जितेंद्र सोनी एवं महेंद्र सिन्हा, साइबर क्राइम जागरूकता के लिए सायबर पोलिस थाना दुर्ग के सीनियर सब इंस्पेक्टर डॉ. संकल्प रॉय सहित अन्य वक्ताओं ने युवाओं को संबोधित किया। युवाओं को प्रतिदिन योग एवं मनोरंजक खेलों का अभ्यास भी कराया गया एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एपीए आरती मिश्रा, सुमित शर्मा, आकांक्षा गोंडाने, भूपेंद्र मानिकपुरी, वेदप्रकाश सिंह, गायत्री निषाद, रितु साहू, सुभद्रा निषाद सहित शौर्य युवा संगठन कोडिय़ा, कर्मवीर युवा संगठन कातरो, जीविका स्वसहायता समूह बोरसी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।