दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 मार्च। घर में ताला लगाकर पिछले डेढ़ माह से जबलपुर जाना परिवार को भारी पड़ गया। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी ने कमरे का ताला तोडक़र सोने चांदी के जेवरात एवं रकम की चोरी कर ली।
शिकायत पर मोहन नगर पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 (ए), 331 (4) के तहत अपराध दर्ज की है। जानकारी के मुताबिक प्रार्थी राकेश कुमार बंसल ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह सिंधी कॉलोनी स्टेशन रोड दुर्ग का निवासी है और वह भिलाई स्टील प्लांट में कार्य करता है। उसके जीजा रजनीश कुमार जैन अपने परिवार के साथ गायत्री मंदिर वार्ड 25 में रहते हैं। प्रार्थी के जीजा रजनीश एवं उसकी दीदी श्रीमती ज्योति जैन पिछले डेढ़ माह से अपने पिता एवं भाई के इलाज के लिए घर में ताला लगाकर जबलपुर मध्य प्रदेश गए हुए थे।
रजनीश ने घर की चाबी एवं देखरेख की जिम्मेदारी प्रार्थी को दे रखी थी। बीच-बीच में आकर राकेश बंसल दरवाजा खोलकर देख लेता था। 6 मार्च की शाम को भी वह घर देखने गया हुआ था। गेट को खोलकर वह अंदर गया इसके बाद उसने मुख्य दरवाजे को चाबी से खोला। ताला खुला लेकिन दरवाजा नहीं खुला। तब प्रार्थी ने खिडक़ी के स्लाइडर को हटाकर देखा तो घर के अंदर का सामान बिखरा हुआ था। चोरी होने की संभावना को देख प्रार्थी ने जोर-जोर से दरवाजे को धक्का दिया तो दरवाजा खुल गया। कमरे के भीतर आलमारी खुली हुई थी और पूरा सामान बिखरा हुआ था। इस पर प्रार्थी ने अपने जीजा को फोन करके घटना की जानकारी दी।
जीजा ने प्रार्थी को बताया कि आलमारी में सोने एवं चांदी के जेवरात व रकम रखी हुई थी। प्रार्थी के जीजा रजनीश के आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि क्या-क्या सामान चोरी हुआ है।