दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 मार्च। अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव के बाद दुर्ग जनपद प्रथम सम्मिलन आज जनपद सभागार में आयोजित किया गया। इसमें दुर्ग जनपद में 5 अनिवार्य के अलावा 5 अन्य समितियां बनाने का प्रस्ताव लिया गया। उक्त प्रस्ताव अनुमोदन के लिए कलेक्टर को भेजा जाएगा। कलेक्टर के अनुमोदन पश्चात जल्द जनपद पंचायत दुर्ग के स्थायी समितियां गठित की जाएगी।
सम्मिलन में सर्वप्रथम नव निर्वाचित जनपद अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन, उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी एवं अन्य सदस्यों का स्वागत किया गया। तत्पश्चात सभी सदस्यों एवं अधकारी कर्मचारियों ने अपना परिचय दिया। इसके उपरांत जनपद सीईओ रूपेश पाण्डेय द्वारा पंचायत राज अधिनियम के विभिन्न धाराओं की जानकारी विस्तार पूर्वक सभी सदस्यों को दी गई। फिर समिति गठन को लेकर चर्चा की गई।
पांच अनिवार्य के अलावा 5 अन्य समितियां गठन करने कलेक्टर से अनुमति मिल जाती है तो दुर्ग जनपद कुल 10 समितियां गठित की जाएंगी। सामान्य प्रशासन, शिक्षा, सहकारिता व उद्योग, संचार व संकर्म, कृषि ये पांच समितियां अनिवार्य रूप से गठित किया जाना होता है। सम्मिलन में इसके अलावा महिला व बाल विकास, मत्स्य व पशुपालन, स्वस्थ्य व स्वच्छता, वन सामाजिक वानिकी व पर्यावरण एवं उद्योग व उद्यमिता ये पांच अन्य समिति गठन का भी प्रस्ताव लिया गया। इसे अनुमोदन के लिए कलेक्टर के पास भेजा जाएगा। इस प्रथम सम्मिलन में नव निर्वाचित अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन व उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी के अलावा सदस्य संतोषी देशमुख, झमित गायकवाड़, अजीत चंद्राकर, लीलावती देशमुख, पूर्णिमा वर्मा, लोमश चंद्राकर, मिलंतीन ठाकुर, नंदकुमार साहू, राजेन्द्र ठाकुर, संतोष निषाद, रजनी साहू, प्रतिभा देवांगन, गोकुल वर्मा, गोपाल यादव, प्यारी बाई निषाद, बेलाबाई यादव, संगीता साहू, किशोरी लाल देशमुख, दामिनी साहू, जितेन्द्र टण्डन, बिंदु देशलहरे एवं ढालेश साहू सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।