दुर्ग

श्याम शर्मा बने दुर्ग निगम के सभापति
08-Mar-2025 3:08 PM
श्याम शर्मा बने दुर्ग निगम के सभापति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 8 मार्च। नगर निगम दुर्ग के सभापति के चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी श्याम शर्मा ने एकतरफा जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी भास्कर कुंडले को सीधे मुकाबले में 37 मतों के अंतर से हराया। श्याम शर्मा को 61 वोटों में से 49 वोट मिले। वही भास्कर कुंडले को मात्र 12 वोट ही प्राप्त हुआ।

ज्ञात हो कि दुर्ग नगर निगम में कांग्रेस के मात्र 12 पार्षद हैं। इन्हीं पार्षदों का वोट भास्कर कुंडले को मिला, उन्हें निर्दलीय पार्षदों का समर्थन नहीं मिला। नगर निगम दुर्ग में 8 निर्दलीय पार्षद है। सभी निर्दलीय पार्षदों के अलावा भाजपा के 40 तथा महापौर का 1 मत श्याम शर्मा को प्राप्त हुआ। इस वजह से उन्होंने 49 वोट हासिल कर सभापति का चुनाव जीता। वहीं अपील समिति के चुनाव में भाजपा के 3 तथा कांग्रेस के 1 पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुए।

नगर पालिक निगम में सभापति पद के लिए शुक्रवार को चुनाव हुआ। नगर निगम में भाजपा के 40, कांग्रेस के 12 और निर्दलीय 8 पार्षद है। नगर निगम दुर्ग कार्यालय स्थित सभागार में पीठासीन अधिकारी तथा कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सभापति निर्वाचन की प्रक्रिया शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से शुरू की। सभापति पद के लिए भाजपा से वार्ड क्रमांक 30 के पार्षद श्याम शर्मा एवं वार्ड क्रमांक 49 के पार्षद भास्कर कुंडले ने कांग्रेस से नामांकन भरा। नामांकन की जांच उपरांत पार्षदों ने बारी-बारी से मतदान किया। मतगणना पश्चात् पीठासीन अधिकारी ने श्याम शर्मा को विजयी घोषित किया। इस दौरान सभागार में विधायक गजेंद्र यादव, ललित चन्द्राकर, महापौर श्रीमती अलका बाघमार मौजूद थे। वहीं निगम परिसर में पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, पूर्व सभापति राजेश यादव, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र साहू, दीपक दुबे, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, संजय बघेल, दिनेश देवांगन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने किया।पार्षद चुनाव के दौरान कई कांग्रेसियों ने बागी होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े। इनमें से कुछ को सफलता भी मिली, जिनमें कसारीडीह वार्ड के पार्षद प्रकाश गीते, बघेरा के पार्षद ललित ढीमर, गंजपारा के पार्षद प्रतिभा गुप्ता तथा वार्ड 7 के पार्षद जितेंद्र ताम्रकार प्रमुख रूप से शामिल है। इन पार्षदों से कांग्रेस को सभापति चुनाव में समर्थन की उम्मीद थी, मगर इन्होंने भी कांग्रेस को आइना दिखाया।


अन्य पोस्ट