दुर्ग
दुर्ग, 6 मार्च। एनसीबी रायपुर व रेल्वे सुरक्षा बल पोस्ट दुर्ग की संयुक्त टीम द्वारा पुरी-दुर्ग एक्सप्रेस को रायपुर से दुर्ग के मध्य विशेष अभियान के तहत चेक किये जाने पर दो यात्रियों को गांजा के साथ पकड़ा गया। चेकिंग के दौरान एस 3 कोच के 2 संदिग्ध यात्रियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम देबाकिशोर पधान व जयमंगल पधान बताया एवं टीटलागढ़ से दुर्ग यात्रा करना बताया। कड़ाई से पूछने पर 2 बैग में गांजा रखा होना स्वीकार किया। आरपीएफ दुर्ग थाना प्रभारी एसके सिन्हा ने बताया कि दुर्ग स्टेशन पर कार्यवाही के दौरान कुल 12.395 किलो ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया। जिसका अनुमानित मूल्य 2,47,900 रुपये आंका गया है। समस्त वैधानिक कार्यवाही के पश्चात एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20 एवं 29 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया एवं दोनों अभियुक्तों को 5 मार्च को को सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।