दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 मार्च। प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार के वित्तमंत्री ओ.पी.चौधरी ने सोमवार को दूसरा बजट पेश किया, जिस पर विधायक गजेन्द्र यादव ने कहा कि यह बजट प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रदेश सरकार का 1 लाख 65 हजार करोड़ से अधिक के बजट में प्रदेश के हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण घोषणाएं हुई है, जिससे जनमानस की सुविधाओं को सुगम बनाया जायेगा।
यह छत्तीसगढ़ की प्रगति का बजट है, जनता की खुशहाली और समृद्धि का बजट है। इस बजट में दुर्गवासियों को कई सौगाते मिली है। भाजपा सरकार ने समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखने के साथ ही युवाओं तथा महिलाओं की उन्नति और प्रगति को संबल प्रदान करने बजट में कई फैसले लिए हैं।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने 1 घंटे 45 मिनट बजट भाषण में हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ घोषणाएं की है। जनता को बड़ी राहत देते हुए पेट्रोल की कीमत में राज्य सरकार की तरफ से एक रूपये की कमी की गई। इसके साथ ही सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ते बढ़ाने का ऐलान किये है। इससे प्रदेश में गुड गवर्नेंस स्थापित होगा। आज प्रस्तुत बजट में छत्तीसगढ़ में टेक्नोलॉजी का विकास, इंडस्ट्रियल ग्रोथ तथा नई उद्योग नीति को भी बजट में शामिल किया गया है।
जरूरतों को पूरा करता बजट- ललित चंद्राकर
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने बजट का स्वागत किया और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय व वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा रजत जंयती अटल निर्माण वर्ष का यह बजट सभी वर्गों के लिए अमृतकारी है। इस बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय सूत्रवाक्य को चरितार्थ करता है। बजट की खास बात यह रही कि ये पूरी तरह से हस्तलिखिति बजट था जो अपने आप में अनोखा है। इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी पीएम मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प की तर्ज पर 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करने का लक्ष्य है। इस बार का बजट उस दिशा में आगे ले जाने वाला साबित होगा और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में मिल का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पिछले बजट में विकसित भारत की संकल्पना के अनुरूप समावेशी विकास की राह तैयार हुई और हमारा फोकस ज्ञान अर्थात गरीब, युवा, अन्नदाता और नारीशक्ति पर था। इनके लिए हमारी सरकार ने जिस तरह से नवाचारी योजनाएं लागू कीं, उसके प्रभावी नतीजे मिले। इस बार बजट का थीम है ज्ञान के लिए गति यह हमारी ट्रिपल इंजन सरकार के लक्ष्यों के अनुरूप है। उन्होंने बताया कि गति से हमारा तात्पर्य सुशासन, बुनियादी ढांचे में तेजी लाना, तकनीक का अधिकाधिक प्रयोग और औद्योगिक विकास में तीव्र वृद्धि करना है। हमारी सरकार इन सभी मानदंडों को पूरा करेंगे। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा छत्तीसगढ़ हमारी सरकार ने बजट में सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए जनता को राहत देने वाले कई अहम फैसले किए हैं। पेट्रोल की कीमत में 1 रुपए प्रति लीटर की कमी की गई है, जिससे आम लोगों, किसानों और उद्योगों को लाभ होगा।
बजट जनता की राहत के लिए नहीं- अरूण वोरा

छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार द्वारा पेश किया गया 1.65 लाख करोड़ रुपये का बजट जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने इसे घोषणाओं का पुलिंदा करार देते हुए कहा कि यह बजट जनता की राहत के लिए नहीं, बल्कि गुमराह करने के लिए बनाया गया है। वोरा ने सरकार को घेरते हुए कहा, चुनाव से पहले च्मोदी की गारंटीज् में छत्तीसगढ़ की गृहणियों से वादा किया गया था कि उन्हें 500 में गैस सिलेंडर मिलेगा। मगर सरकार बनने के बाद इस वादे का कोई अता-पता नहीं। गृहिणियां आज भी इंतजार कर रही हैं, लेकिन बजट में इसका नामोनिशान तक नहीं। इस बजट में शासकीय कर्मचारियों के लिए ऐसा कुछ भी घोषणा नही किया गया है जिससे कर्मचारी खुश हो। वोरा ने तंज कसते हुए कहा, जब से बीजेपी सत्ता में आई है, छत्तीसगढ़ की जनता को टोपियाँ पहनाने में लगी है। उन्होंने कहा कि यह बजट जनता की असल समस्याओं का हल निकालने के बजाय हवाई घोषणाओं का पुलिंदा है।
सरकार महिलाओं के उत्थान को लेकर संकल्पित-अलका

छत्तीसगढ़ प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रदेश का 25 वा बजट और वर्तमान राज्य सरकार के दूसरे बजट पेश किए जाने पर दुर्ग शहर की महापौर अलका बाघमार ने अपना वक्तव्य देते हुए कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ राज्य सरकार महिलाओं के उत्थान को लेकर संकल्पित होने को दर्शाता है। प्रदेश में महिलाओं के विकास के लिए 5000 करोड़ का बजट महतारी वंदन को दिया गया है। रेडी टू ईट स्व सहायता समूह की बहनों को प्रदान करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। आने वाले समय में 8 लाख लखपति दीदी बनाने की योजना बनाई गई है। महिला हॉस्टल बनाए जाएंगे वन स्टाफ सेंटर नई आंगनबाड़ी भवन भी तैयार होंगे। वृद्धा पेंशन दिव्यांगों के लिए योजनाओं का भी बजट का प्रावधान किया गया है।
विकास व विश्वास का बजट- सुरेन्द्र कौशिक

भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की रजत जयंती वर्ष एवं अटल निर्माण वर्ष का यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ की परिसंकल्पना को साकार करने वाला, प्रदेश की प्रगति का बजट हैं। बजट से आज प्रदेश का हर वर्ग उत्साहित हैं। यह बजट समाज के हर वर्ग को शक्ति देने वाला है। यह प्रदेश को समृद्धि की राह पर ले जाने वाला है। यह बजट विकसित भारत के सपना को साकार करने वाला बजट हैं।
विकास के कई प्रावधान- अरविंदर सिंह

भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अरविंदर सिंह खुराना ने कहा कि आज का बजट विष्णु देव साय की सरकार का बजट बहुत ही प्रभावशाली और विकास वाला बजट रहा है। वित मंत्री ओ पी चौधरी ने बजट में छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कई प्रावधान रखे। इस बजट में छतीसगढ़ के विकास पर पूरा ध्यान रखा गया है। नगर निगम में विकास के लिए 500 करोड़ जिससे नगर निगम के अंतर्गत आने वाले जिलों का भरपूर विकास होगा लोगों को काम मिलेगा जिससे छतीसगढ़ की रेवन्यू बढ़ेगी। आईटी सेक्टर एवं पॉलिटेक्निक सेक्टर के लिए भी 100 करोड़ का प्रावधान दिया गया जिससे युवा अच्छे से पढ़े लिखे ट्रेनिंग करेंगे जिससे युवाओं को रोजगार मिलने पर पूरा ध्यान दिया गया है। नगरीय निकायों में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए 750 करोड़ दिया गया है जिससे गांव गांव तक का इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार आयेगा। सरकारी हॉस्पिटल्स में लगभग नई स्कैन मशीन्स और नई तकनीक की मशीनों के लिए लगभग 60 करोड़ का बजट दिया गया।