दुर्ग

सर्वसम्मति से संजय कोहले बने नेता प्रतिपक्ष
03-Mar-2025 3:01 PM
सर्वसम्मति से संजय कोहले बने नेता प्रतिपक्ष

निगम में विपक्ष की भूमिका तय करने कांग्रेस की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 3 मार्च। राजीव भवन में नगर निगम में विपक्ष की भूमिका तय करने के लिए कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से संजय कोहले को नगर निगम दुर्ग का नेता प्रतिपक्ष चुना गया, जबकि विजयंत पटेल को भी विपक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा, दीपक साहू को अपील समिति का सदस्य नियुक्त किया गया। सभापति के लिए भास्कर कुंडले कांग्रेस प्रत्याशी होंगे।

बैठक में रायपुर से प्रदेश महामंत्री एवं कांग्रेस प्रवक्ता सुबोध हरितवाल पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस की भूमिका सिर्फ सत्ता में रहते हुए विकास करना नहीं, बल्कि जब भी ज़रूरत हो, जनता के अधिकारों की रक्षा करना है।

 उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में कांग्रेस बहुमत में थी, और नगर निगम में प्रशासन को पारदर्शी और जनहितैषी बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से काम किया गया। अब जबकि कांग्रेस विपक्ष में है, उसकी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है।  इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, महामंत्री राजेंद्र साहू, जिला अध्यक्ष गया पटेल, दीपक दुबे, परमजीत सिंह भुई और पूर्व महापौर शंकरलाल ताम्रकार की उपस्थिति रही।


अन्य पोस्ट