दुर्ग
महिला को जान से मारने की धमकी देने का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 2 मार्च। महिला से गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने वाले कांग्रेसी पार्षद के खिलाफ पुरानी भिलाई थाना में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। ज्ञात हो कि भिलाई तीन चरोदा नगर निगम के एमआईसी मेंबर व कांग्रेस पार्षद एस. वेंकट रमना के खिलाफ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पार्षद रमना पर दबंगई करते हुए मकान खाली करवाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुरानी भिलाई पुलिस ने बताया कि पंचशील नगर चरोदा निवासी संजना पत्नी शंभूनाथ ढोल ने पार्षद एस. वेंकट रमना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि वे लोग पार्षद के परिचित के मकान में किराये से रहते हैं। पार्षद दबंगई दिखाते हुए पिछले 3-4 दिन से उसके घर आ रहा है और उसे घर खाली करने कह रहा है। घर खाली नहीं करने पर वो जान से मारने की धमकी देने के साथ-साथ गाली-गलौज भी करता रहा है।
पीडि़त संजना ने बताया कि एस. वेंकट रमना अपने पार्षद होने की लगातार धौंस दिखा रहा है। रोज रोज के झगड़े को देखते हुए उसने अपने पति शंभूनाथ को पार्षद के पास बात करने के लिए भेजा था। पार्षद रमना 17 फरवरी की सुबह 10 बजे फिर से शंभूनाथ के घर पहुंचा मकान खाली करने की धमकी देने लगा। उस समय शंभूनाथ घर पर नहीं था। इसके बाद पार्षद ने घरवालों से ही गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और वहां से चला गया। दोपहर में जब शंभूनाथ काम से घर लौटा तो संजना ने उसे पूरी बात बताई। इसके बाद दोनों पति-पत्नी थाने पहुंचे और पार्षद के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया। पीडि़ता के अनुसार 17 फरवरी की सुबह 10 बजे रमना शंभूनाथ के घर पहुंचा। उसने उन्हें धमकी दी कि दो दिन में वो मकान खाली कर दें। यदि मकान खाली नहीं किया तो वो रात के समय जब सब लोग सो रहे होंगे घर में बुलडोजर चलवा देगा।
ज्ञात हो कि संजना की शिकायत से पहले पार्षद एस वेंकट रमना ने भी पुरानी भिलाई थाने में शंभूनाथ सहित चार के खिलाफ उसके साथ गाली गलौज कर मारपीट करने का मामला दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद जब पार्षद फिर से दबंगई दिखाने गया तो घर के लोगों ने उसके खिलाफ भी अपराध दर्ज करा दिया है। अब पुरानी भिलाई पुलिस काउंटर रिपोर्ट की जांच कर रही है।