दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 मार्च। जिले के 5 उपार्जन केन्द्रों में दलहनी एवं तिलहनी फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी। इन फसलों के उपार्जन के लिए एकीकृत कृषक पोर्टल में पंजीयन जरूरी है। इसके लिए पीएम-आशा योजना अंतर्गत किसानों का एकीकृत कृषक पोर्टल में पंजीयन जारी है।
उपसंचालक कृषि से मिली जानकारी के अनुसार जिले में प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान योजना (पीएम-आशा योजना) के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन तथा रबी विपणन वर्ष 2025-26 में चना, मसूर एवं सरसों फसल का प्राईस सपोर्ट स्कीम (पीएसएस) योजनांतर्गत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन हेतु जिले में उपार्जन एवं भण्डारण हेतु राज्य शासन द्वारा उपार्जन केन्द्र के रूप में वि.ख. धमधा में प्राथमिक सेवा सहकारी समिति, अहिवारा, लिटिया, कन्हारपुरी एवं गोटा तथा भण्डारण केन्द्र के रूप में सीजीएसडब्ल्यूसी धमधा एवं वि.ख. दुर्ग के लिए उपार्जन केन्द्र प्राथमिक सेवा सहकारी समिति, चंद्रखुरी रहेगा। वहीं भण्डारण केन्द्र के रूप में सीजीएसडब्ल्यूसी दुर्ग अधिसूचित किए गए है।
जिले में अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, सोयाबीन, चना, मसूर एवं सरसों फसल के उर्पाजन के लिए प्रापण संस्था होंगे। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) योजना के क्रियान्वयन के लिए नोडल एजेन्सी है। जो राज्य स्तरीय एजेन्सी के रूप में कार्य करते हुए प्राथमिक कृषि सहकारी समिति के माध्यम से फसलों का उर्पाजन करेगी अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन फसलों का उपार्जन 15 फरवरी से 15 मई तक एवं चना एवं मसूर फसल का उपार्जन 01 मार्च से 30 मई तक एवं सरसों फसल का उपार्जन 15 फरवरी से 15 मई 2 तक की अवधि में किया जावेगा। उपसंचालक कृषि संदीप भोई का कहना है कि फसलों के उपार्जन हेतु उत्पादक कृषकों का फसलवार और मौसमवार एकीकृत कृषक पोर्टल में पंजीयन होना आवश्यक है। उन्होंने जिले के सभी किसानों से अपील किया है कि संबंधित सेवा सहकारी समिति में जा कर एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन जल्द से जल्द अवश्य करवा लेवें ताकि किसान अरहर, चना, मसूर, सरसों इत्यादि फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर विक्रय कर सकें।