दुर्ग

संभागायुक्त ने अपराधी को केन्द्रीय जेल में निरूद्ध करने दिये आदेश
28-Feb-2025 3:43 PM
संभागायुक्त ने अपराधी को केन्द्रीय जेल में निरूद्ध करने दिये आदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 फरवरी।
दुर्ग संभाग के आयुक्त एवं निरूद्धकर्ता प्राधिकारी सत्यनारायण राठौर ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग के प्रतिवेदन पर स्वापक, औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ, अवैध व्यापार, निवारक अधिनियम-1988 की धारा-3 सहपठित धारा-11 के तहत आदेश पारित कर लक्की महार दुर्ग को 6 माह के लिए केन्द्रीय जेल दुर्ग में निरूद्ध करने हेतु आदेशित किया है। 

24 फरवरी को आदेश पारित के पूर्व संभाग आयुक्त द्वारा न्यायालय में प्रस्तुत जवाब/तर्क, न्याय दृष्टांतों एवं शपथपूर्वक कथन का अध्ययन तथा प्रकरण में प्रस्तुत ईश्तगासा मय दस्तावेजों का अवलोकन किया गया। तथ्य के अनुसार कोतवाली थाना में लक्की महार के विरूद्ध वर्ष 2023 एवं 2024 में लगातार नारकोटिक्स एक्ट के कुल 2 मामले एवं आर्म एक्ट का मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। इसके अलावा अनावेदक के विरूद्ध मारपीट के 02 मामले तथा समय-समय प्रतिबंधात्मक मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। अनावेदक के विरूद्ध दर्ज नारकोटिक्स एक्ट का मामला सीजेएम न्यायालय में विचाराधीन है। 

लक्की जेल से जमानत पर छूट जाने के पश्चात् लगातार आपराधिक गतिविधियों पर संलग्न रहा है तथा उसकी प्रवृत्ति में कोई सुधार प्रतीत नहीं होता है। वर्तमान में भी अनावेदक के विरूद्ध गांजा सहित अन्य मादक पदार्थ बेचने की शिकायत लगातार मिलती रही है। अनावेदक के जमानत पर न्यायालय से छूट जाने से उसका मनोबल बढ़ता जा रहा है। 

आपराधिक गतिविधियों से समाज में रहने से विपरीत प्रभाव पडऩे से संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, ऐसी स्थिति में प्रकरण में आये प्रतिवेदन, जवाब, साक्षियों के बयान एवं तर्क के आधार पर लक्की महार को जेल में निरूद्ध किया जाना आवश्यक है।
 


अन्य पोस्ट