दुर्ग

जिपं अध्यक्ष की प्रबल दावेदार भाजपा की सरस्वती बंजारे ने 15719 मतों से की जीत हासिल
26-Feb-2025 4:36 PM
जिपं अध्यक्ष की प्रबल दावेदार भाजपा की सरस्वती बंजारे ने 15719 मतों से की जीत हासिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 26 फरवरी। जिला पंचायत अध्यक्ष की प्रबल दावेदार भाजपा की सरस्वती बंजारे ने 15719 मतों से ऐतिहासिक जीत हासिल की है।

बताया जा रहा है जिला पंचायत के सात कार्यकाल में अब तक हुए चुनाव में जिला पंचायत सदस्य के लिए इतने अधिक मतों से किसी भी अभ्यर्थी ने जीत हासिल नहीं की है। उन्होंने स्वतंत्र प्रत्याशी सरस्वती रात्रे को हराया। कांग्रेस अधिकृत हिमांशी कुर्रे तीसरे स्थान पर रही। जिला पंचायत सभागार में आज तृतीय चरण में हुए चुनाव के परिणाम की अधिकृत घोषणा के साथ ही निर्वाचित प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरण किया गया।

परिणाम को लेकर प्राप्त अधिकृत आंकड़े के अनुसार जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 4 से सरस्वती बंजारे ने 22470 मत प्राप्त की। वहीं सरस्वती रात्रे को 6751 मत मिले जबकि कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी हिमांशी कुर्रे मात्र 4724 मत प्राप्त कर सकी।

इसी प्रकार क्षेत्र क्रमांक 1 में भाजपा के पवन शर्मा ने कांग्रेस के शिवकुमार वर्मा को 8666 मतों से हराया। उन्हें कुल 22057 मत मिले जबकि शिव 13391 मत ही प्राप्त कर सके। क्षेत्र क्रमांक 2 में कांग्रेस के दानेश्वर साहू ने भाजपा के मनीष साहू को 2275 मतों से परास्त किया, उन्हें 10228 मत मिले। वहीं मनीष 7953 मत प्राप्त कर पाए। क्षेत्र क्रमांक 3 से कांग्रेस की उषा सोने ने भाजपा की अमिता बंजारे को कड़े मुकाबले में 1716 मतों से हराया। उन्हें 8459 मत मिले जबकि अमिता ने 6743 मत हासिल की। पूरे 12 जिला पंचायत निर्वाचन में सरस्वती बंजारे की सबसे बड़ी जीत रही। वहीं सबसे छोटी जीत क्षेत्र क्रमांक 11 में नोमिन ठाकुर की रही। जिन्होंने शैलेन्द्री मंडावी को मात्र 1218 मतों से हराया परिणाम की। घोषणा पश्चात जिला पंचायत सीईओ बजरंग दुबे ने विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरण किया।

 इस दौरान उपसंचालक पंचायत काव्या जैन, तहसीलदार क्षमा यदु, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, अश्वनी टंडन, सत्यप्रकाश बंजारे, जितेन्द्र जायसवाल, अमित सिंह आदि मौजूद थे।

इस चुनाव में 12 निर्वाचन क्षेत्रों में से 4 वर्तमान जिला पंचायत सदस्य एवं 2 में वर्तमान सदस्य की पत्नी मैदान में रही मगर इनमें से कोई भी जीत हासिल नहीं कर पाए। वर्तमान सदस्य व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष माया बेलचंदन, योगिता चंद्राकर, लक्ष्मी साहू एवं चंद्रकला मनहर को करारी हार का सामना करना पड़ा। वहीं वर्तमान जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू की पत्नी सुमन साहू एवं सभापति आकाश कुर्रे की पत्नी हिमांशी कुर्रे को भारी मतों से भाजपा प्रत्याशी के हाथों शिकस्त मिली।


अन्य पोस्ट