दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 फरवरी। शहडोल-पंडरिया मार्ग पर ग्राम तरच के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें प्रयागराज से भिलाई लौट रहे परिवार में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग में ले जाकर भर्ती किया गया।
जानकारी के मुताबिक प्रयागराज से भिलाई लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी कार पेड़ से टकराने के बाद खाई में जाकर गिरी। इस दुर्घटना में कार में सवार 60 वर्षीय राखी सिकदार के सिर और गले में गहरी चोटे आई, इसके कारण इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पोस्टमार्टम के उपरांत शव को परिजनों के सुपुर्द कर भिलाई भेज दिया गया। कार सीजी 07 बी एस 3173 में कुल सात लोग सवार थे जो एक ही परिवार के सदस्य थे। हादसे की सूचना मिलते ही बजाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
इस हादसे में तीन महिलाएं और तीन पुरुष घायल हुए हैं, एक पुरुष सहित तीन की स्थिति नाजुक बनी हुई है। 60 वर्षीय राखी सिकदार सेक्टर 9 हॉस्पिटल में ही नर्स थीं, जो सेवानिवृत हो चुकी थी।