दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 फरवरी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत द्वितीय चरण में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए भाजपा एवं कांग्रेस के दो-दो प्रत्याशी विजयी हुए हैं। कांग्रेस के देवेन्द्र चंद्रवंशी व नोमिन ठाकुर तथा भाजपा की लीलम चंद्राकर एवं कल्पना साहू ने जीत हासिल की है। इस प्रकार दो चरणों जिला पंचायत के 8 निर्वाचन क्षेत्रों में से 4 भाजपा, 3 कांग्रेस व 1 भाजपा के बागी की झोली में गए हैं।
द्वितीय चरण में हुए चुनाव में विभिन्न पार्टी व प्रत्याशियों से मतगणना को लेकर प्राप्त आंकड़े के मुताबिक क्षेत्र क्रमांक 10 से भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी लीलम चंद्राकर कांग्रेस की संतोषी तिवारी को लगभग 11 हजार मतों से हराकर जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुई है। इसी प्रकार जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 9 में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी देवेन्द्र चन्द्रवंशी ने भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष दिव्या कलिहारी को लगभग 6000 मतों से हराया। वहीं क्षेत्र क्रमांक 11 में कांग्रेस की नोमिन ठाकुर ने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी शैलेन्द्री मंडावी को कांटे के टक्कर बीच लगभग 2200 मतों से मात देकर जिला पंचायत सदस्य चुनी गई है। जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र में वर्तमान जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू की पत्नी सुमन साहू को हार का सामना करना पड़ा है। यहां से भाजपा अधिकृत प्रत्याशी कल्पना साहू ने लगभग 9000 मतों से जीत हासिल की है।
गौरतलब है कि पंचायत चुनाव के लिए हुए पहले चरण के मतदान में भाजपा को 2 एवं कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी एवं भाजपा के बागी को 1-1 क्षेत्र में सफलता मिली थी। क्षेत्र क्रमांक 5 भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी जितेन्द्र यादव, क्षेत्र 6 से भाजपा की बागी प्रिया साहू, क्षेत्र 7 कांग्रेस की आशा विक्की मिश्रा एवं क्षेत्र 8 से भाजपा की श्रद्धा साहू ने जीत हासिल की थी।