दुर्ग

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित पार्षदों के सम्मान समारोह में हंगामा
19-Feb-2025 2:42 PM
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित पार्षदों के सम्मान समारोह में हंगामा

कार्यकर्ता ‘कांग्रेस नेता चुल्लू भर पानी में डूब मरो’ का बैनर लेकर बैठक में पहुंचा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
दुर्ग, 19 फरवरी।
राजीव भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित पार्षदों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक कार्यकर्ता ‘कांग्रेस नेता चुल्लू भर पानी में डूब मरो’ का बैनर लेकर बैठक में पहुंच गया और उन्होंने नेताओं से कुछ सवाल किया, जिसका जवाब दिए बिना ही नेता बैठक से बाहर चले गए।

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षदों और प्रत्याशियों के सम्मान में एक बैठक का आयोजन राजीव भवन में किया गया, जहां उपस्थिति बहुत ज्यादा नहीं थी। 
प्रारंभ में नेताओं ने अपना उद्बोधन दिया और कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की। उसके बाद नवनिर्वाचित पार्षदों का कांग्रेस का गमछा पहनकर सम्मान किया गया। इसी प्रकार प्रत्याशियों का भी कांग्रेस का गमछा पहनकर सम्मान किया गया। 

बैठक को पूर्व विधायक अरुण वोरा, कांग्रेस शहर अध्यक्ष गया पटेल, पूर्व महापौर शंकर लाल ताम्रकार, आर.एन. वर्मा, कौशल किशोर सिंह, महापौर प्रत्याशी प्रेमलता साहू, परमजीत सिंह भुई, नासिर खोखर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष आयुष शर्मा आदि मंच पर उपस्थित थे। बैठक को नेताओं ने संबोधित किया। उसके बाद प्रत्याशियों की ओर से मोहित वाल्दे और शिवाकांत तिवारी, अब्दुल गनी ने अपना उद्बोधन दिया। 

मोहित वाल्दे ने महापौर प्रत्याशी के पाम्पलेट में कई वरिष्ठ नेताओं के फोटो नहीं होने का मामला उठाया, जबकि शिवाकांत तिवारी ने नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आपने प्रत्याशियों को बांधकर चुनावी मैदान में उतार दिया और उनके हाथ से तलवार भाला छीन लिए, फिर वह कैसे चुनाव जीत सकते थे। उन्होंने काफी खरी खोटी बात बैठक में रखी। 

कुछ प्रत्याशी यह भी मांग कर रहे थे कि कांग्रेस से बगावत कर जो लोग चुनाव लड़े हैं, उन्हें किसी भी सूरत में पार्टी में वापस नहीं लेना चाहिए। बैठक में ज्यादा लोगों को बोलने नहीं दिया गया। 

इसी बीच शिशिरकांत कसार हाथ में पोस्टर लेकर पहुंच गए। पोस्टर में लिखा था कांग्रेस नेताओं चुल्लू भर पानी में डूब मरो। शिशिरकांत कसार 5-6 प्रश्नों का उत्तर चाह रहे थे। उन्होंने पद्मनाभपुर से आयुष शर्मा के टिकट काटे जाने का मुद्दा भी उठाया। बैठक में हंगामा होने की आशंका को देखते हुए नेता चुपचाप बाहर निकल गए।


अन्य पोस्ट