दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 फरवरी। जिला क्रिकेट सीनियर वर्ग के खिलाड़ी अब खेल के साथ-साथ अब नेत्रदान, देहदान, त्वचा दान, रक्तदान की जागरूकता का सन्देश लोगों तक पहुंचाएंगे। जिला क्रिकेट संघ द्वारा सामाजिक सन्देश पूरे प्रदेश में पहुंचाने के उद्देश्य से खिलाडिय़ों को वितरित की गई टी शर्ट पर नवदृष्टि फाउंडेशन का लोगो होगा जिससे संस्था का सन्देश पूरे प्रदेश में जाएगा।
कुलवंत भाटिया ने कहा हमारी संस्था लगातार लोगों को नेत्रदान, देहदान, त्वचा दान हेतु प्रेरित कर रही है जिसके लिए समय समय पर अभियान भी चलाया जाता है। अब जिला क्रिकेट संघ के निर्णय से हमारा सन्देश खिलाडियों के माध्यम से युवाओं व प्रदेश के कोने कोने तक पहुंचेगा, जिससे समाज में एक सकारात्मक सन्देश जाएगा और लोगों में जागरूकता बढ़ेगी। राज आढ़तिया ने सामाजिक सन्देश हेतु जिला क्रिकेट संघ का आभार व्यक्त किया। संजीव श्रीवास्तव ने कहा हम बच्चों को खेल के साथ साथ उनके व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक जि़म्मेदारियों में सहभागिता बढ़ाने का प्रयास करते हैं ताकि उनका सम्पूर्ण व्यक्तित्व निखर सके और वो जीवन के हर क्षेत्र में सफल हो सकें। सीएससीएस क्रिकेट बोर्ड के निर्देशानुसार ट्रायल्स, प्रदर्शन मैचेस, पूर्व में अंडर 23, अंडर 19, अंडर 16 मैच के प्रदर्शन के आधार पर किया गया।
रविवार को सुबह क्रिकेट टी शर्ट वितरण का कार्यक्रम रविशंकर स्टेडियम दुर्ग में एसोसिएशन के पदाधिकारियों विजय अग्रवाल, प्रमोद पारख, संजीव श्रीवास्तव, सुरेश साहू, आशीष सूर्यवंशी, गुरमीत भोगल, कोंडल राव, कौशल वर्मा, आतिफ खान एवं नवदृष्टि फाउंडेशन के कुलवंत सिंह भाटिया, राज आढ़तिया, सुरेश जैन, यतीन्द्र चावड़ा तथा सुनील जैन, गेंदालाल साहू, अतुल सूर्यवंशी व अन्य की उपस्थिति में किया गया।