दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 फरवरी। विधानसभा तथा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद अब निगम चुनाव में सुपड़ा साफ हो गया है। लगातार हो रही हार से कांग्रेस कोई सबक नहीं ले रही है। नगर निगम दुर्ग के चुनाव परिणाम से स्पष्ट है कि भाजपा ने इस चुनाव में एक तरफ़ा जीत हासिल की है।
चुनाव के दौरान जिस तरह से भाजपा संगठन के पदाधिकारी, प्रत्याशियों के साथ हर मोर्चे पर खड़े रहे। कांग्रेस में ऐसा कुछ नहीं दिखाई दिया। प्रत्याशी को टिकट देकर अकेला छोड़ दिया गया। प्रत्याशी वार्ड में जूझते दिखाई दिए। चुनावी संसाधनों तथा मैनेजमेंट में कांग्रेस बहुत पीछे रही। कांग्रेस की हार की सबसे बड़ी वजह कमजोर संगठन रहा। खानापूर्ति के लिए भले ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल चुनावी अभियान में कुछ पल के लिए शामिल हुए, लेकिन कार्यकर्ताओं में उत्साह तथा चुनावी ऊर्जा का संचार नहीं कर पाए। इतना ही नहीं कांग्रेस चुनाव संचालन समिति भी नहीं बन पाई।
कांग्रेस की हार की कारणों के बारे में कुछ जिम्मेदारों ने चर्चा में बताया कि प्रत्याशी चयन के दौरान विवाद की स्थिति बनी रही। कुछ प्रत्याशियों के नाम ऐन वक्त पर बदल दिए गए। इसके अलावा वार्ड 21 तितुरडीह के कांग्रेस प्रत्याशी ने अपना नाम वापस लेकर भाजपा को वाकओवर दे दिया। वार्ड 36 में कांग्रेस के प्रत्याशी का बी फॉर्म गलत भरा गया।
इन गलतियों से कांग्रेस का मनोबल टूटता गया। इन परिस्थितियों को संभालने के लिए संगठन भी मोर्चे पर खड़ा नहीं हुआ। इतना ही नहीं महापौर प्रत्याशी प्रेमलता साहू के पति पोषण साहू को कांग्रेस ने अंतिम समय में वार्ड 51 के पार्षद का टिकट देकर हताशा जाहिर कर दी। इससे यह संदेश गया कि महापौर चुनाव में कांग्रेस की स्थिति कमजोर है। इससे मतदाता भी भ्रमित हो गए। नतीजा यह हुआ कि कांग्रेस को महापौर के साथ-साथ वार्ड 51 की पार्षद सीट भी गंवाना पड़ा।