दुर्ग

दुर्ग में भाजपा की मेयर, वार्डों में भी दबदबा
16-Feb-2025 4:12 PM
दुर्ग में भाजपा की मेयर, वार्डों में भी दबदबा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 फरवरी।
दुर्ग नगर निगम पर अब भाजपा की महिला मेयर काबिज होगी। भाजपा की महापौर प्रत्याशी अलका बाघमार, कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमलता साहू को भारी मतों से हराने में कामयाब हुई है। इस बार के नगर निगम दुर्ग के चुनाव में भाजपा की सुनामी में कांग्रेस चारों खाने चित हो गई। 

पिछली बार कांग्रेस की सत्ता नगर निगम दुर्ग में रही। तब 60 में से 30 सीटों पर कांग्रेस ने विजय हासिल की थी। इस बार कांग्रेस को केवल 12 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा है। पिछली बार के तुलना में आधे से भी कम पार्षद जीतकर आए हैं। वहीं इस बार 8 निर्दलीय पार्षद अपनी उपस्थिति दर्ज कराए हैं। पिछली बार निर्दलीय पार्षदों की संख्या 16 थी और भाजपा पार्षदों की संख्या 14 रही है। इस हिसाब से भाजपा ने लंबी छलांग लगाई जिससे पिछली बार से तकरीबन तिगुनी पार्षद इस सदन में दिखाई देंगे। भाजपा के कुल 40 पार्षद सदन में नजर आएंगे।

चुनावी नतीजे से लग रहा है कि कांग्रेस के कुछ ही पार्षद अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे हैं, जिनका जनता से सीधा जुड़ाव रहा है। वहीं पुराने सदन के कई दिग्गज पार्षदों को इस बार हार का सामना करना पड़ा। पिछले सदन के सभापति राजेश यादव भी ठेठवार पारा वार्ड 6 से हार गए। मेयर इन काउंसिल के लोक कर्म प्रभारी रहे अब्दुल गनी तकिया पारा वार्ड 8 में अपनी सीट बचाने में कामयाब नहीं हुए। इसी तरह विद्युत प्रभारी भोला महोबिया, जमुना साहू, शंकर ठाकुर को भी हार का सामना करना पड़ा। पिछले सदन के वित्त प्रभारी दीपक साहू वार्ड 43 तथा जल कार्य प्रभारी संजय कोहले वार्ड 13 में अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे। विधायक गजेंद्र यादव के वार्ड 49 बोरसी पश्चिम में कांग्रेस के पार्षद को सफलता मिली है। कांग्रेस के पार्षद भास्कर कुंडले ने भाजपा के पार्षद प्रत्याशी प्रीति चंद्रभान चंद्राकर को 212 वोटों के अंतर से हराया। वहीं दूसरी ओर पूर्व विधायक अरुण वोरा तथा पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल के गढ़ में भाजपा ने परचम लहराया है। पद्मनाभपुर के वार्ड 45 तथा 46 दोनों में भाजपा के पार्षद जीत कर आए हैं। कांग्रेस के पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा एक बार फिर संतराबाड़ी वार्ड 26 से पार्षद चुनाव जीते हैं। इसके पहले उनकी धर्मपत्नी सत्यवती वर्मा इस वार्ड से चुनाव जीती थी। उसके पूर्व कार्यकाल में आरएन वर्मा पार्षद पद पर निर्वाचित हुए थे। इस तरह कांग्रेस के इस परंपरागत सीट को बचाने में कामयाब हुए।
 


अन्य पोस्ट