दुर्ग
दुर्ग, 13 फरवरी। सुबह घर से फूल तोडऩे व स्नान करने तालाब गई वृद्धा का अज्ञात आरोपियों ने सोने का हार लूट लिया। भिलाई तीन पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक प्रार्थिया श्रीमती देववती विश्वकर्मा 70 वर्ष महामाया पारा भिलाई 3 में अपने परिवार के साथ रहती है। 11 फरवरी की सुबह 5.30 बजे अपने घर से फूल तोडऩे व स्नान करने के लिए बम्हनीन तालाब के पास जा रही थी। रास्ते में राजेश्वरी पटेल के घर के आगे पहुंची थी कि उसी समय दो लडक़े सामने से आए और देववती का पीछा करने लगे। इसके बाद दोनों लडक़ों ने गले से सोने के हार को छीनने की कोशिश की। जब वृद्धा ने इसका विरोध करते हुए हाथ से धक्का दिया, तब आरोपी बलपूर्वक उसके गले में पहने हुए सोने के हार जिसमें चार सोने का गेहूं दाना व एक सोने का लॉकेट लगा था, उसे लूटकर आरोपी राधा कृष्ण मंदिर की तरफ भाग गए।