दुर्ग

किशोरी ने की खुदकुशी
13-Feb-2025 3:27 PM
किशोरी ने की खुदकुशी

दुर्ग, 13 फरवरी। भिलाई नगर थाना अंतर्गत हुडको रेलवे पटरी के पास झाडिय़ों में एक नाबालिग किशोरी ने आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची भिलाई नगर पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है।

पुलिस के मुताबिक घर में विवाद होने के बाद किशोरी ने यह प्राणघातक कदम उठाया है या उसके साथ कोई घटना हुई है, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। बुधवार की दोपहर को हुडको रेलवे पटरी के पास स्थित झाडिय़ों में एक किशोरी ने फांसी लगा ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि किशोरी रायपुर नाका उडिय़ा बस्ती निवासी सुशीला पटनायक (17 वर्ष) है। पुलिस ने सुशीला के परिजनों को इस घटना की सूचना दी।

मौके पर पहुंचे परिवार वालों ने बताया कि सुशीला का घर में मंगलवार की शाम को कुछ विवाद हो गया था। परिवार वालों से डांट फटकार मिलने से वह नाराज थी और मंगलवार की रात 10 बजे घर से बिना किसी को बताए निकल गई थी। परिवार वालों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिल पाई थी। परिजनों ने उसकी हत्या होने की भी आशंका जताई है।

परिवार वालों का कहना है कि सुशीला के पांव जमीन में टिके हुए थे। इससे यह भी हो सकता है कि उसके साथ कुछ अप्रिय घटना हुई हो। इसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। भिलाई नगर पुलिस और फोरेंसिक की टीम ने मौके पर मुआयना किया। इसके बाद शव को नीचे उतरा और पीएम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल पाएगा।


अन्य पोस्ट