दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 फरवरी। नगर निगम दुर्ग अंतर्गत 60 वार्डों में से तितुरडीह वार्ड 21 एक ऐसा वार्ड रहा, जहां केवल महापौर के लिए मतदान हुआ। वोटिंग परसेंट के लिहाज से कहा जा सकता है कि इस वार्ड में लोगों ने महापौर की वोटिंग के लिए कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई। तकरीबन 40 फीसदी मतदान होने की खबर है।
इस वार्ड में कुल मतदाताओं की संख्या 5003 है। महापौर चुनाव के लिए कुल पांच बूथ बनाए गए थे। शाम 5 बजे तक करीब 2000 लोगों ने ही मतदान किया। इससे साफ जाहिर है कि इस बार के चुनाव में मतदाताओं में कोई खास जोश नहीं दिखा।
ज्ञात हो कि इस वार्ड में भाजपा के पार्षद प्रत्याशी विद्यावती सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुई है। इस वजह से पार्षद का चुनाव नहीं हुआ।
वार्ड 21 में महापौर चुनाव के लिए लोगों में कोई खास उत्साह नहीं दिखाई दिया। इस वार्ड के पास पूर्व पार्षद अरुण सिंह वोटरों को मतदान केंद्र तक लाने लगातार प्रयास करते दिखे। मतदान के लिए सेजस तितुरडीह स्कूल में 5 बूथ बनाए गए थे। बूथ क्रमांक 1 में कुल मतदाताओं की संख्या 845 थी। शाम 4.50 बजे तक यहां 358 लोगों ने मतदान किया था। इस समय तक बूथ नंबर 2 में 855 मतदाताओं में से 331, बूथ नंबर 3 में 1039 मतदाताओं में से 480, बूथ नंबर 4 में 1154 मतदाताओं में से 386 तथा बूथ नंबर 5 में 1110 मतदाताओं में से 439 लोगों ने मतदान किया था। इस तरह कुल 5003 मतदाताओं में से 1994 मतदाता ने अपना मताधिकार का प्रयोग किया।