दुर्ग

पंचायत चुनाव: 35 सौ प्रत्याशी मैदान में
10-Feb-2025 3:52 PM
पंचायत चुनाव: 35 सौ प्रत्याशी मैदान में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 10 फरवरी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों की संख्या के लिहाज से धमधा व पाटन की अपेक्षा दुर्ग जनपद क्षेत्र के ग्रामीणों की राजनीति में भागीदारी अधिक है।

दुर्ग जनपद क्षेत्र में सबसे कम पद है, मगर धमधा व पाटन की तुलना में यहां त्रिस्तरीय पंचायत राज संस्थाओं के विभिन्न पदों के लिए बहुत ज्यादा अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है।

 दुर्ग जनपद क्षेत्र 73 ग्राम पंचायत अंतर्गत पंच, सरपंच, जिला व जनपद सदस्य के कुल 1416 पदों के लिए 3597 अभ्यर्थी मैदान में है, जबकि धमधा जनपद क्षेत्र के 119 ग्राम पंचायतों में पंच , सरपंच, जनपद व जिला पंचायत सदस्य के कुल 1882 पदों के लिए मात्र 3382 अभ्यर्थी मैदान में है। वहीं पाटन जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत 108 ग्राम पंचायतों में पंच, सरपंच, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्य के कुल 1832 पदों के लिए 3421 अभ्यर्थी मैदान में है।

दुर्ग जनपद क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंच के 1315 पदों के लिए सबसे ज्यादा 3125 अभ्यर्थी मैदान में है जबकि धमधा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में पंच के 1734 पदों के लिए कुल 2714 एवं पाटन क्षेत्र में पंच के 1695 पदों के लिए 2863 अभ्यर्थी मैदान में है दुर्ग में सरपंच के 73 पदों के लिए 354, जनपद सदस्य के लिए 103 एवं जिला पंचायत सदस्य के लिए 15 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है।

 इसी प्रकार धमधा में सरपंच के 119 पदों के लिए 542, जनपद सदस्य 106 एवं जिला पंचायत सदस्य के लिए 20 अभ्यर्थी है। पाटन में सरपंच के108 पदों के लिए 462, जनपद सदस्य 84 एवं जिला पंचायत सदस्य के लिए 12 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है।

 


अन्य पोस्ट