दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 फरवरी। जिले में त्रिस्तरोय पंचायत राज संस्थाओं में 5 हजार 130 पदों के लिए चुनाव होना है, जहां पंचायत चुनाव के दौरान 10 हजार 400 अभ्यर्थी मैदान में है। दुर्ग विकासखंड में सबसे ज्यादा अभ्यर्थी चुनावी रण में उतरे हैं।
जानकारी के अनुसार पंच, सरपंच, जिला व जनपद सदस्य पद के लिए सबसे ज्यादा 3597 अभ्यर्थी दुर्ग विकासखंड के विभिन्न ग्रामों से है। इसी प्रकार उक्त पदों के लिए पाटन विकासखंड अंतर्गत 3421 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है जबकि धमधा जनपद क्षेत्र में त्रिस्तरीय पंचायत राज संस्थाओं के विभिन्न पदों के लिए 3382 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं।
जिले 300 ग्राम पंचायतों में पंच के 4744 पदों पर चुनाव होना है। इसके लिए 8702 अभ्यर्थी चुनावी रण में ताल ठोककर उतर गए हैं। वहीं विभिन्न ग्राम पंचायतों में सरपंच के 300 पदों के लिए चुनाव होना जिसके लिए 1358 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है। इसी प्रकार दुर्ग, पाटन एवं धमधा जनपद पंचायत अंतर्गत जनपद सदस्य के कुल 74 पदों के लिए 293 अभ्यर्थी मैदान में शेष रह गए हैं। इसी तरह जिला पंचायत सदस्य के 12 पदों के लिए 47 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में उतरे हैं।
चुनाव चिन्ह आवंटित होने के बाद अभ्यर्थी प्रचार प्रसार को गति देने में जुट गए हैं। कई अभ्यर्थी तो नामांकन दाखिल करने के साथ ही वाल राइटिंग करा चुके थे जो अब जहां वाल राइटिंग किए थे उन जगहों पर अपने चुनाव चिन्ह अंकित कर रहे हैं। कल अनेक अभ्यर्थियों एवं उनके अभिकर्ता ने प्रचार प्रसार के लिए जिला व जनपद कार्यालय पहुंचकर अनुमति ली।